राजनांदगांव , छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने शनिवार को जिला न्यायालय राजनांदगांव का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालयीन कर्मचारियों से संवाद करते हुए न्यायालय की कार्यप्रणाली, अधोसंरचना और डिजिटल व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय कक्ष, सेंट्रल प्रोसेस अनुभाग, सर्वर रूम, लीगल एंड डिफेंस सिस्टम, अभिलेखागार, मालखाना, लेखा अनुभाग, ग्रंथालय, डिजिटलीकरण एवं स्कैनिंग केंद्र, पीड़िता विश्राम कक्ष और किलकारी कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने न्यायालयीन कार्यों में दक्षता, जवाबदेही, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और परिसर की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया।
मुख्य न्यायाधीश ने पेपरलेस कार्यप्रणाली और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग की आवश्यकता बताते हुए न्याय व्यवस्था को अधिक नागरिक केंद्रित बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत करने और आधुनिक तकनीक को न्याय प्रणाली से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रवास के दौरान उन्होंने जिला न्यायालय परिसर में मौलश्री का पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, ज्वाइंट रजिस्ट्रार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी तथा न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।





Leave a Reply