त्योहारी सीजन में बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अभियान चलाकर 1035 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की और 5 लाख 26 हजार 300 रुपए जुर्माना वसूल किया गया है। कार्रवाई में सबसे ज्यादा 556 वाहन नो-पार्किंग जोन में खड़े मिले। आगामी दिनों में यातायात पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।
शहर के नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 556 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 18 चालक, बिना वैध लाइसेंस ई-रिक्शा चलाने वाले 29 चालक और प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन ले जाने वाले 3 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले वाहनों से 9 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया।
यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 429 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने नया बस स्टैंड चौक, महावीर चौक, खैरागढ़ रोड, भगत सिंह चौक, रेलवे स्टेशन रोड, पोस्ट ऑफिस चौक, पुराना बस स्टैंड, गंज चौक, नंदई चौक, महामाया चौक, तिरंगा चौक, भारत माता चौक, कामठी लाइन, सिनेमा लाइन, जूनी हटरी, गांधी चौक, फव्वारा चौक, सदर लाइन पर कार्रवाई की।



Leave a Reply