राजनांदगांव , लंबी दूरी की एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों को परेशान कर रखा है। आउटर इलाकों में इन ट्रेनों को लंबे समय तक रोकने की शिकायतें सामने आ रही है। गाड़ी संख्या 12810 हावड़ा-मुंबई सीएसएमटी मेल शनिवार को साढ़े पांच घंटे देरी से पहुंची। दुर्ग में सुबह 9:35 बजे पहुंचने वाली यह ट्रेन दोपहर 1:30 बजे पहुंची। दुर्ग स्टेशन से रवाना होने के कम स्पीड में चली और रसमड़ा और राजनांदगांव स्टेशन से पहले इसे कई बार आउटर इलाकों में रोका गया जिससे यह ट्रेन दोपहर 3:30 बजे राजनांदगांव पहुंची।
दूसरी दिशा में गोंदिया से रवाना होने के बाद ट्रेनों को बोरतलाव स्टेशन से डोंगरगढ़ स्टेशन के बीच ज्यादा समय तक रोकने की शिकायतें सामने आ रही है। डोंगरगढ़ में देरी से पहुंचने के बाद राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई और रायपुर पहुंचने में लोगों को देर हो रही है। इसी तरह राजनांदगांव से डोंगरगढ़ तक पहुंचाने में एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों को पहुंचने में घंटों लग रहें है। इन ट्रेनों को पास करने लोकल ट्रेनों को आउटर में रोक दिया जाता है। ऐसे में लोगों को खान-पीने की सामग्री नहीं मिल पाती और यात्री भूख-प्यास, गर्मी उमस से परेशान हो रहे हैं।
शनिवार को पोरबंदर सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब 8 घंटे देरी से चली, गाड़ी संख्या 12130 आजाद हिंद एक्सप्रेस 8 घंटे देरी से चली। समरसता एक्सप्रेस 4 घंटे, अहमदाबाद सुपरफास्ट डेढ़ घंटे, दूसरी दिशा में ज्ञानेश्वरी 1 घंटे, आजाद हिंद एक्सप्रेस 1 घंटे देरी से चली। दोनों दिशा में ट्रेनों की लेट लतीफी के कारण ट्रेनों में सफर कर रहे यात्री और स्टेशन में ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्री हलाकान रहे। इससे यात्रियों की दूसरे स्टेशनों से कनेक्टिंग ट्रेन और बसें छूट जाने से उनकी यात्रा प्रभावित हुई।



Leave a Reply