राजनांदगांव : पिटाई पर पुलिस ने नहीं लिया एक्शन तो खुद बदला लेने पहुंचा और घर में घुसकर मार डाला…

चिखली में 45 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। वारदात की वजह 10 दिन पहले हुई मारपीट सामने आई है। जिसका बदला लेने मुख्य आरोपी ने अपने साथियों के साथ मृतक के घर घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। इधर पुलिस ने मामले में नाबालिग व एक आरोपी को हिरासत में लिया है।

घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सत्यजीत उर्फ पप्पू देशमुख के रुप में हुई है। जो चिखली में देशमुख होटल के पास रहता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक 5 अगस्त को पप्पू देशमुख की मुकेश नामक युवक से विवाद हुआ। इसमें पप्पू ने मुकेश की जमकर पिटाई की। जिससे घायल मुकेश करीब 4 दिन तक निजी हॉस्पिटल में एडमिट था। इलाज के बाद वह चिखली पुलिस चौकी पहुंचा। पप्पू देशमुख के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। लेकिन पुलिस ने पप्पू पर कोई कड़ा एक्शन नहीं लिया। इससे आक्रोशित मुकेश ने अपने साथी बबलू साहू उर्फ बल्ला, नाबालिग व अन्य साथियों के साथ खुद ही मारपीट का बदला लेने की योजना बनाई।

रात करीब 11 बजे मुकेश अपने साथियों के साथ पप्पू देशमुख के घर पहुंचा। पहले बाहर जमकर गाली गलौज की। इसके बाद जब पप्पू बाहर नहीं आया तो सभी ने उसके घर घुसकर ताबड़तोड़ वार शुरु कर दिया। सभी लात, घूंसों से पप्पू पर टूटा पड़े। करीब 25 मिनट तक उसकी लगातार पिटाई करते रहे। इस दौरान पप्पू बेसुध हो गया। जुटी भीड़ व आसपास के लोगों की मदद से पप्पू को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। एएसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि मृतक ने आरोपियों से पूर्व में मारपीट की थी, शिकायत पर एफआईआर दर्ज किया गया था। मामला विवेचना में है, इस बीच आरोपियों ने घर घुस कर पप्पू देशमुख से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। मृतक पर भी कई मामले दर्ज है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, फरार की तलाश जारी है।

See also  राजनांदगांव : मोबाईल कैम्प का आयोजन …

पार्षद बोलीं- अवैध शराब बिक्री से बिगड़ा माहौल वारदात को लेकर चिखली वार्ड की पार्षद श्रुति जैन ने शराब की अवैध बिक्री से बिगड़ते माहौल और पुलिस की लचर व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया है। पार्षद जैन ने कहा​ कि इलाके में आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही है। इसके बीते शराब की अवैध बिक्री बड़ी वजह है। लगातार क्षेत्र में यह अवैध कारोबार बढ़ता जा रहा है। इससे बिगड़ते माहौल से आम लोगों में डर का माहौल है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। इस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।

फरार आरोपियों की पतासाजी में छापेमारी चिखली के मुख्य चौक में हुए इस वारदात से आसपास के लोगों में काफी गुस्सा है। पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इधर पुलिस ने त्वरित एक्शन के नाम पर वारदात में शामिल बबलू साहू उर्फ बल्ला और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया हैं। चिखली प्रभारी कैलाश चंद मरई ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी हो रही है। इधर स्थानीय लोगों में क्षेत्र में बढ़ते अपराध से आक्रोश की स्थिति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *