मोहला : बस्तर मुन्ने के सर्वे कार्य को शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को करें लाभान्वि-कलेक्टर तनुजा सलाम

मोहला : बस्तर मुन्ने के सर्वे कार्य को शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को करें लाभान्वि-कलेक्टर तनुजा सलाम

– विभिन्न पोर्टल में लंबित प्रकरणों की समीक्षा, समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

        मोहला, । कलेक्टर तनुजा सलाम ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत उज्जवल पोरवाल, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


       कलेक्टर सलाम ने बस्तर मुन्ने सर्वेक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, जल जीवन मिशन, मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह , आय प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न परिवारमूलक योजनाओं तथा आधार कार्ड, जनधन खाता, आयुष्मान कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शिक्षा विभाग के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क यूनिफॉर्म एवं पाठ्यपुस्तक वितरण, टीकाकरण, श्रमिक कार्ड, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, महतारी वंदन योजना एवं मतदाता पहचान पत्र जैसी विभिन्न व्यक्तिमूलक एवं परिवारमूलक योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभाग शेष सर्वे कार्य को शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों की पहचान करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।


         कलेक्टर सलाम ने कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल एवं सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न शिकायत पोर्टलों में लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का  अवलोकन कर उनका प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की सुविधाओं एवं समस्याओं से जुड़े प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को संयुक्त कार्यालय भवन एवं निर्माणाधीन सड़क कार्यों की सतत निगरानी करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

See also  CG : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से भटगांव विधानसभा को बड़ी सौगात, बुंदिया और बड़सरा में खुलेंगे नए धान उपार्जन केंद्र ...


        कलेक्टर सलाम ने जिले के विभिन्न विकासखंडों में सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की और कुछ स्थानों पर अव्यवस्थित कचरा पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के अव्यवस्थित रूप से पड़े रहने से आमजन को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए नियमित साफ-सफाई के साथ कचरे का उचित संग्रहण एवं प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान कलेक्टर ने समय-सीमा में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *