मोहला : राष्ट्रीय खेल दिवस पर मिनी स्टेडियम मोहला में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

– कबड्डी, वॉलीबॉल एवं एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं में 180 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

       मोहला, । हॉकी के जादूगर एवं भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का आयोजन मिनी स्टेडियम, मोहला में उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया।

             कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्ष, जनपद पंचायत मानपुर पुष्पा मंडावी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी श्री दुकालू राम ध्रुव तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री योग दास साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के समस्त व्यायाम अनुदेशक एवं तीनों विकासखंडों के क्रीड़ा प्रभारी भी शामिल हुए। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महिला एवं पुरुष वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सामूहिक खेलों के अंतर्गत कबड्डी एवं वॉलीबॉल तथा एकल खेलों में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, गोला फेंक एवं लंबी कूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में जिले के तीनों विकासखंडों से निर्धारित खेल विधाओं में कुल 180 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

         प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। समापन समारोह में डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रेरणादायी उद्बोधन दिया गया। इसके पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य जिले के युवाओं एवं विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।

See also  CG : कलेक्टर ने जिला अस्पताल का किया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *