बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने युवक की जान ले ली. पूजा करने के लिए युवक मंदिर जा रहा था. इस दौरान रास्ते में बिजली का एलटी तार टूटकर सीसी रोड पर गिरा हुआ था, जिसकी चपेट युवक आ गई. दर्दनाक घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान ईश्वर अनंत उर्फ राजू के रूप में हुई. जानकारी के मुताबिक, रतनपुर के आठाबिसा तालाब के पास बिजली का एलटी तार टूटकर सीसी रोड पर गिर गया. जिम्मेदार विभाग ने समय रहते समस्या को ठीक नहीं किया. शुक्रवार रात तालाब के पास से गुजर रहा ईश्वर करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया. बुरी तरह झुलसने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, भेड़ीमुड़ा क्षेत्र के एक युवक की कुछ दिन पहले इसी स्थान पर बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हुई थी. अब दोबारा इसी क्षेत्र में एक व्यक्ति की जान जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव का पंचानामा कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
















Leave a Reply