CG : स्मार्ट मीटर-चेक मीटर: जांच में खुली JE की लापरवाही, जारी हुआ नोटिस …

CG : स्मार्ट मीटर-चेक मीटर: जांच में खुली JE की लापरवाही, जारी हुआ नोटिस …

अंबिकापुर: बैकुंठपुर में स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की रीडिंग में अंतर होने की जानकारी को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने गंभीरता से लिया और तत्काल इस मामले की अधीक्षण अभियंता से जांच कराई। जांच में पुष्टि हुई कि स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की रीडिंग में किसी तरह का अंतर नहीं है। बैकुंठपुर के कनिष्ठ अभियंता को इस मामले में नोटिस जारी कर दिया गया है। डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के क्षेत्रीय मुख्य अभियंता यशवंत सिलेदार ने बताया कि स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की रीडिंग में किसी तरह का अंतर नहीं है। दोनों की रीडिंग शत-प्रतिशत सही है। बैकुंठपुर के जेई व्दारा जारी किये गए पत्र पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच अधीक्षण अभियंता बैकुंठपुर से कराई गई। जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि बैकुंठपुर की उपभोक्ता भावना गुप्ता ने आवेदन देकर अपने घर में चेक मीटर लगाने का अनुरोध किया था। जिसके बाद उनके घर में 27 जुलाई को चेक मीटर लगाया गया।

चेक मीटर लगाते समय स्मार्ट मीटर की रीडिंग 5374 यूनिट तथा चेक मीटर की रीडिंग 2474 थी। 7 अगस्त 2026 को स्मार्ट मीटर की रीडिंग बढ़कर 5676 और चेक मीटर की रीडिंग 2777 दर्ज हुई। इस प्रकार 10 दिन की अवधि में स्मार्ट मीटर पर खपत 302 यूनिट, जबकि चेक मीटर की खपत 303 यूनिट रही। रीडिंग लेते समय इसकी वीडियो रिकार्डिंग भी कराई गई थी, जिससे सारे तथ्य स्पष्ट हो गए। दरअसल रीडिंग लेने में चेक मीटर की रीडिंग लेते समय त्रुटि की गई थी। चेक मीटर में खपत दर्ज करने के पहले पुश बटन दबा कर देखा जाता है, जिसमें अधिकतम मांग, बिलिंग महीने का चक्र पूरा होने पर खपत और रीडिंग लेने की तिथि की खपत दिखाई देती है।

See also  CG : छेड़छाड़ से तंग छात्रा ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत …

7 अगस्त की रीडिंग लेने के बजाय कनिष्ठ अभियंता द्वारा 31 जुलाई की रीडिंग दर्ज की गई ।इस गलती के कारण रीडिंग का सही आकलन नहीं हुआ ।इसके लिए जेई को नोटिस जारी कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि भौतिक मीटर रीडिंग, दोनों मीटरों द्वारा दर्ज खपत तथा वीडियो रिकॉर्डिंग के परीक्षण के आधार पर स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली में किसी प्रकार की विसंगति स्थापित नहीं होती है। दोनों मीटरों द्वारा दर्ज खपत में पाया गया एक यूनिट का अंतर सीमा के भीतर है तथा इससे मीटर रीडिंग में किसी प्रकार की असामान्यता का संकेत नहीं मिलता। रीडिंग लेने में त्रुटि के लिए कनिष्ठ अभियंता को नोटिस जारी किया गया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *