CG : रेलिंग तोड़ 70 फीट नीचे नाले में गिरा ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत …

CG : रेलिंग तोड़ 70 फीट नीचे नाले में गिरा ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत …

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सरिया नाला पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 70 फीट नीचे उफनते नाले में जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक गहरे पानी में पूरी तरह डूब गया। घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रक को हाइड्रा मशीन की मदद से बाहर निकाला गया, जिसके बाद चालक का शव क्षतिग्रस्त केबिन में दबा मिला।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह ट्रक धरमजयगढ़ की ओर से रायगढ़ आ रहा था। सरिया नाला पुल के पास पहुंचने के दौरान चालक कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नीचे नाले में जा गिरा। करीब 70 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और नाले में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नाले में ट्रक डूबा देखकर तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा तथा चालक की तलाश शुरू की गई।

शुरुआत में चालक का कोई पता नहीं चलने के कारण आशंका जताई जा रही थी कि वह पानी के तेज बहाव में बह गया होगा। यह संभावना भी जताई गई कि दुर्घटना के दौरान उसने जान बचाने के लिए ट्रक से छलांग लगा दी होगी। इसी आधार पर नाले और आसपास के क्षेत्र में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया। चालक की तलाश के लिए गोताखोरों की दो टीमों को पानी में उतारा गया। गोताखोरों ने घंटों तक नाले के भीतर और किनारे के इलाकों में तलाश की, लेकिन चालक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को पानी से बाहर निकालने का फैसला किया।

See also  CG : छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, युवती को जिंदा जलाने की कोशिश …

मौके पर हाइड्रा मशीन मंगाई गई। नाले में गिरे भारी वाहन को बाहर निकालना आसान नहीं था। राहत दल और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को खींचकर नाले से बाहर निकाला गया। ट्रक को सीधा करने पर पता चला कि चालक उसके केबिन में ही फंसा हुआ है। करीब 70 फीट नीचे गिरने से ट्रक का लोहे का केबिन बुरी तरह दब और चिपक गया था। चालक का शव उसी क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर फंसा था। केबिन की स्थिति को देखते हुए शव को सामान्य तरीके से निकालना संभव नहीं था। इसके बाद गैस कटर मंगाया गया और लोहे के हिस्सों को काटकर चालक का शव बाहर निकाला गया।

पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। रायगढ़ क्षेत्र में भारी वाहनों से जुड़े हादसे पहले भी सामने आए हैं। 8 जुलाई को रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर चिराईपानी के पास एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया था। उस घटना में चालक को बचा लिया गया था। वहीं शनिवार को खरसिया क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रेलर तीन मकानों की चपेट में आ गया था और चार बाइक में आग लगने की घटना सामने आई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *