कवर्धा । युवा मित्र मंडल जिला कबीरधाम, छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में ‘संवैधानिक हिंदू राष्ट्र’ की परिकल्पना को लेकर कवर्धा से द्वारिका तक 7 दिवसीय तीर्थ यात्रा एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह यात्रा पूरीपीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से आयोजित की गई। यात्रा में कबीरधाम, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के करीब 60 युवा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
दिनांक 7 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित इस यात्रा के दौरान युवाओं ने धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ अपने धर्म और शास्त्रों को समझने का प्रयास किया। यात्रा में द्वारिकाधीश मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, बेट द्वारिका और सुदामा पुरी सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए गए।
तीर्थ दर्शन के साथ प्रशिक्षण और योगाभ्यास
यात्रा के दौरान युवाओं के लिए प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए गए। इसमें आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर जी द्वारा निर्देशित योगाभ्यास एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।
रात्रिकालीन बौद्धिक सत्रों में भारत को ‘संवैधानिक हिंदू राष्ट्र’ बनाने की परिकल्पना को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसमें भारत को संवैधानिक हिंदू राष्ट्र बनाने की आवश्यकता क्यों है, इससे राष्ट्र को क्या लाभ होगा, इस संकल्प को कौन पूरा करेगा, यह लक्ष्य कब तक हासिल हो सकता है और इसे पूरा करने का मार्ग क्या होगा, जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रत्येक प्रतिभागी ने किया सवा लाख भगवान नाम जाप
आयोजकों के अनुसार, इस पूरी यात्रा एवं प्रशिक्षण के दौरान संकल्प की सिद्धि के उद्देश्य से प्रत्येक प्रतिभागी द्वारा सवा लाख भगवान नाम जाप किया गया। आयोजकों ने इसे यात्रा का प्रमुख आध्यात्मिक संकल्प बताया।
60 युवाओं ने लिया हिस्सा
यात्रा एवं प्रशिक्षण वर्ग में प्रांत संगठन मंत्री कैलाश शर्मा, प्रांत अध्यक्ष सुधीर सेंगर, उपाध्यक्ष राहुल चौरसिया, नभो मार्ग प्रमुख बृजेश तिवारी, हनुमंत दल प्रांत संयोजक हिंदू दुर्गेश देवांगन, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सागर साहू, जिला महामंत्री रूपेश वर्मा, हनुमंत दल जिला संयोजक मनोज साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं अतिथि मौजूद रहे। विशेष अतिथियों में विश्वजीत उर्फ मोनू ठाकुर, विकास मिश्रा और सुभाष तम्बोली शामिल रहे।
प्रशिक्षणार्थियों के रूप में दीपक यादव, डेविड शर्मा, जागेलाल वर्मा, लीलाधर साहू, हेम कुमार पटेल, धनीराम साहू, राजा पाली, चंद्रू चेलक और शनेश्वर निषाद सहित करीब 60 युवा साथियों ने यात्रा में सक्रिय रूप से भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को तीर्थ दर्शन, धार्मिक एवं आध्यात्मिक अध्ययन के साथ संगठनात्मक और वैचारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।
















Leave a Reply