CG : कलेक्टर ने किया मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ सहभोज…

CG : कलेक्टर ने किया मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ सहभोज…

युवा संवाद में जानी पढ़ाई, सुविधाओं और दैनिक गतिविधियों की जानकारी

उत्तर बस्तर कांकेर । कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज मेडिकल कॉलेज कांकेर एवं नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ सहभोज कर युवा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ सहज वातावरण में बैठकर भोजन किया और उनकी पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों, कॉलेज एवं छात्रावास में मिल रही सुविधाओं तथा समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

युवा संवाद के दौरान कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज में द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हरियाणा के विद्यार्थियों मोहित कुमार, दीपिका आनंद और रिया से बातचीत कर कांकेर जिले के संबंध में उनके अनुभव एवं विचार जाने। उन्होंने छात्राओं से गर्ल्स हॉस्टल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर उसके संबंध में भी चर्चा की। साथ ही कॉलेज की लैब एवं अध्ययन से जुड़ी सुविधाओं के बारे में विद्यार्थियों से फीडबैक लिया। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से अध्ययन के लिए कांकेर आए विद्यार्थियों से भी संवाद किया और उनके अनुभव जाने। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की सलाह भी दी।

युवा संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने मेडिकल कॉलेज के नवीन भवन के निर्माण को लेकर भी कलेक्टर से जानकारी ली। इस पर कलेक्टर ने नवीन मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण कार्य को एक वर्ष के भीतर पूर्ण कराने की दिशा में कार्य करने की बात कही। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के साथ सहपाठी की तरह बैठकर भोजन किया और उनके साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी खुलकर अपनी बातें साझा कीं। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मण्डावी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, कोमल देव जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. विमल भगत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।

See also  राजनांदगांव : सेवा संकल्प अभियान : महतारी वंदन योजना से नारायणी साहू के पीएचडी के सपनों को मिल रही नई उड़ान…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *