राजनांदगांव । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही बिजली बिल से राहत और ऊर्जा के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से हितग्राही अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप पैनल लगवाकर बिजली के खर्च में कमी ला रहे हैं। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम कातलवाही निवासी श्याम सुंदर वैष्णव ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेते हुए अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप पैनल लगवाकर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा बन गए है।
श्याम सुंदर वैष्णव ने बताया कि उनके परिवार में 6 सदस्य है। उनके घर में फ्रिज, कूलर पंखे, पानी की मोटर सहित अन्य विद्युत उपकरणों के उपयोग के कारण हर महीने लगभग 1800 से 2200 रूपए बिजली बिल आता था। वह बिजली खर्च में राहत पाने का विकल्प तलाश रहे थे। इसी दौरान ग्राम पंचायत में आयोजित सूर्य सभा एवं जागरूकता शिविर में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। शिविर में अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत हितग्राहियों को केन्द्र सरकार की ओर से 78000 रूपए एवं राज्य शासन द्वारा 30 हजार रूपए की सब्सिडी दी जाती है। साथ ही सोलर रूफटॉप पैनल विभिन्न लाभों के बारे में बताया। उन्होंने योजना के लाभों से प्रभावित होकर सोलर रूफटॉप पैनल लगवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उनके घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप पैनल स्थापित किया गया। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद वैष्णव के परिवार को बिजली खर्च में बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है और उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। इससे हर महीने करीब 2000 रूपए तक की बचत हो रही है। सोलर पैनल से उत्पादित अतिरिक्त बिजली ग्रिड में जा रही है। जिसका नियमानुसार भविष्य में भी लाभ मिलेगा। साथ ही योजना के तहत केन्द्र एवं राज्य शासन से कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त हो गई है।
श्याम सुंदर वैष्णव ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप पैनल लगवाने से बिजली बिल से राहत मिलने के साथ ही स्वच्छ एवं सौर ऊर्जा के उपयोग के प्रति जागरूक बनाया है। उन्होंने बताया कि योजना से प्रभावित होकर गांव के अन्य ग्रामीणों को भी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दे रहे है और सोलर रूफटॉप पैनल लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी बेहतरीन योजना के लिए धन्यवाद दिया है।















Leave a Reply