CG : आंगन मिलन उत्सव में पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया गया संदेश…

CG : आंगन मिलन उत्सव में पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया गया संदेश…

उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों का हुआ सम्मान
हर घर मुनगा का दिया गया संदेश, न्योता भोज का भी हुआ आयोजन

गरियाबंद । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र दर्रापारा में ‘आंगन मिलन उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से समुदाय की सहभागिता को और मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा छह माह की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।

साथ ही उत्कृष्ट स्वास्थ्य एवं पोषण स्थिति वाले दो बच्चों को स्वस्थ बालक-बालिका पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत गरियाबंद की उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जनपद पंचायत गरियाबंद के अध्यक्ष सोहन ध्रुव , उपाध्यक्ष लेखराम साहू, महिला एवं बाल विकास सभापति बबीता सेन, जनपद पंचायत सदस्य मुकेश सूर्यवंशी एवं गणेशराम ध्रुव, वरिष्ठ नागरिक बिंदू सिन्हा, डोंगरीगांव की सरपंच नगीता दीवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश, परियोजना अधिकारी ऋषि बंजारे सहित विभागीय कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा नागरिकगण उपस्थित रहे।

हर घर मुनगा एवं न्योता भोज का दिया संदेश –

कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के अंतर्गत मुनगा पौधे का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों को मुनगा के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मुनगा पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण बच्चों एवं परिवार के पोषण स्तर को बेहतर बनाने में उपयोगी है। आंगन मिलन उत्सव के अंतर्गत उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं समुदाय के सदस्यों द्वारा निर्धारित शपथ ली गई। इससे आंगनबाड़ी केन्द्रों और समुदाय के बीच सहभागिता एवं सहयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर न्योता भोज का आयोजन किया गया। इसमें छोटे बच्चों के साथ अतिथियों एवं जनसमुदाय ने भी सहभागिता की। सामूहिक भोज के माध्यम से बच्चों के साथ आत्मीयता बढ़ाने और समुदाय की भागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

See also  CG : गांधी-शास्त्री जयंती पर 2 अक्टूबर को राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में विशेष ग्रामसभा आयोजित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *