CG : सेवा संकल्प अभियान : जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन …

cropped-cropped-cropped-11-final-kg-logo-Copy-1.png

‘’मेरे सपनों का भारत‘’ में दिखी विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, विकसित भारत के संकल्प को रचनात्मक अभिव्यक्ति’

विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच ही विकसित भारत की मजबूत नींव-विधायक श्री अटामी

दंतेवाड़ा : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आंवराभाटा में किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर के स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित भारत, स्वच्छ भारत, राष्ट्र निर्माण एवं रक्षा प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न विषयों पर अपनी कल्पनाओं और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में विधायक श्री चैतराम अटामी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को मंच पर निडर होकर अपनी बात रखते देखना शिक्षकों, अभिभावकों और पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों के मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भाषण, चित्रकला और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी रचनात्मकता और विचारों को व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती हैं।

विधायक श्री अटामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में देश के प्रत्येक नागरिक के साथ विद्यार्थियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘स्वच्छ भारत’ और रक्षा प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं को जिस तरह अभिव्यक्त किया है, वह भविष्य के सशक्त और विकसित भारत की दिशा में उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा सहित बस्तर क्षेत्र में लंबे समय तक प्रभावित रहे अंदरूनी क्षेत्रों में अब शिक्षा और विकास की गतिविधियों को निरंतर गति मिल रही है। सड़क, पुल-पुलिया और अन्य विकास कार्यों के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा का प्रभाव रहा, वहां विद्यालयों और आश्रमों में पुनः शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि बस्तर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया गया, जो क्षेत्र में आए बदलाव और बढ़ती विकास गतिविधियों को दर्शाता है।

See also  गुजरात से निकली बाइक रैली का उदयपुर में भव्य स्वागत, मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया आत्मीय अभिनंदन

विधायक ने भारत की वैज्ञानिक एवं रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए कहा कि देश अंतरिक्ष विज्ञान से लेकर रक्षा प्रौद्योगिकी तक लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने छात्रावासों में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे दूर-दराज के विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विद्यार्थियों और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन आयोजनों में विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह दंतेवाड़ा की बदलती शैक्षणिक तस्वीर को सामने ला रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य दंतेवाड़ा के विद्यार्थियों के सपनों और उपलब्धियों में भी दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है। ‘छू लो आसमान’ और ‘लक्ष्य’ जैसी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नीट, जेईई, यूपीएससी और पीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं संगीत महाविद्यालय, कला प्रशिक्षण, सक्षम विद्यालय और नव गुरुकुल के माध्यम से विद्यार्थियों को संगीत, नृत्य, कला, कंप्यूटर एवं कोडिंग जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

See also  मोहला : राज्य स्तरीय रोजगार मेला 7 एवं 8 अक्टूबर को …

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविन्द कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री संतोष गुप्ता, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्य,जनप्रतिनिधिगण, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली विद्यार्थी एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *