CG : संकट में संपर्क का सेतु बनेगा अपना हेल्प क्यू आर, सड़क सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की पहल

सड़क पर मदद और परिजनों को खबर, अपना हेल्प क्यू आर बनेगा संपर्क का जरिया

सड़क सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए पायलट परियोजना के रूप में शुरू हुई सेवा

सूरजपुर/ सड़क दुर्घटना के बाद वाहन चालक के परिजनों तक जल्द सूचना पहुंचानी हो या रास्ता बाधित कर खड़े वाहन के मालिक को जानकारी देनी हो, वाहन पर लगा अपना हेल्प क्यू आर संपर्क स्थापित करने में मदद करेगा। नागरिकों की सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए जिला प्रशासन सूरजपुर ने इस सेवा की शुरुआत पायलट परियोजना के रूप में की है। सुरक्षा आपकी, जिम्मेदारी हमारी संदेश के साथ शुरू की गई यह सुविधा दोपहिया और चार पहिया वाहनों सहित सभी वाहनों के लिए निःशुल्क है।

आपात स्थिति में परिजनों तक पहुंचेगी सूचना
दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में अपना हेल्प क्यू आर के माध्यम से वाहन मालिक और उनके परिवार के सदस्यों से शीघ्र संपर्क स्थापित किया जा सकेगा। इसके लिए पैरेलल कॉल और तकनीक आधारित संपर्क व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। संबंधित सूचना और अलर्ट व्हाट्सएप पर भी प्राप्त हो सकेगा। इससे मौके पर सहायता कर रहे लोगों को परिजनों तक सूचना पहुंचाने में सुविधा होगी।

एम्बुलेंस और राजमार्ग सहायता से जुड़ने में मदद
दुर्घटना या चिकित्सकीय आपात स्थिति में यह सेवा एम्बुलेंस सहायता प्राप्त करने में मददगार होगी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा के दौरान आवश्यकता पड़ने पर एनएचएआई से जुड़ी आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच बनाने में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा।

गलत पार्किंग की सूचना भी पहुंचेगी वाहन मालिक तक
गलत स्थान या नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहन के कारण रास्ता बाधित होने पर अपना हेल्प क्यू आर के माध्यम से वाहन मालिक तक इसकी सूचना पहुंचाई जा सकेगी। इससे मालिक को वाहन हटाने की जानकारी समय पर मिलेगी और अनावश्यक विवाद से बचने में मदद होगी। यह पहल वाहन मालिक से संपर्क करने का एक सुरक्षित और सुविधाजनक माध्यम उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

See also  CG : मानसून की विदाई के बीच छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी, जल्द रातें होंगी और ठंडी ….

ब्लैक स्पॉट और ब्लाइंड स्पॉट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी सुविधा
जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और ब्लाइंड स्पॉट पर भी अपना हेल्प क्यू आर सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इससे इन स्थानों पर किसी दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में आमजन को सहायता से जुड़ने में सुविधा होगी।

अपना हेल्प क्यू आर लगवाने के लिए यहां करें संपर्क
अपने वाहन पर अपना हेल्प क्यू आर लगवाने के इच्छुक नागरिक +91-6267983382 पर संपर्क कर सकते हैं। सेवा से संबंधित अधिक जानकारी  पर भी उपलब्ध है।

कलेक्टर ने नागरिकों से सेवा का लाभ लेने की अपील की
कलेक्टर रेना जमील ने जिले के नागरिकों से अपने वाहनों पर निःशुल्क अपना हेल्प क्यू आर लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना या आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ उसके परिजनों तक शीघ्र सूचना पहुंचाना आवश्यक है। यह सुविधा संपर्क स्थापित करने में मददगार हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपने परिवार एवं परिचितों को भी इस सेवा की जानकारी देने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *