– खसरों के भौतिक सत्यापन एवं पॉलिगन निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
– श्रमिकों से मजदूरी भुगतान एवं महतारी वंदन योजना के लाभ के संबंध में की चर्चा
– सिंथेटिक ट्रैक निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज सुबह राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुंदरा पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम में खसरों के भौतिक सत्यापन एवं पॉलिगन निर्माण के लिए किए जा रहे सर्वे कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर सर्वे कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों को सर्वे कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा में वीबी-जी राम जी योजना अंतर्गत संचालित कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यस्थल पर उपस्थित श्रमिक चंद्रकला एवं मनीषा से चर्चा कर मजदूरी भुगतान एवं महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि के उपयोग के संबंध में जानकारी ली। श्रमिकों ने बताया कि उन्हें कार्य के लिए प्रतिदिन 300 रूपए मजदूरी प्राप्त होती है। कलेक्टर ने श्रमिकों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में भी चर्चा की।
कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से भी निर्माण कार्य की निगरानी में सहयोग करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सजग रहने की अपील की। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी उपस्थित थे।

















Leave a Reply