दुर्ग-भिलाई : दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शुक्रवार को नियंत्रक सह आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में मिठाई और डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान एक्सपायरी दूध के इस्तेमाल, अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई निर्माण और खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग में अनियमितताएं मिलने की जानकारी सामने आई। विभाग ने करीब 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट कराया। संबंधित प्रतिष्ठानों में उत्पादन बंद कराने और लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
एक्सपायरी दूध से बनाया जा रहा था पनीर नंदिनी रोड स्थित मां दुर्गा डेयरी में जांच के दौरान गंदगी के बीच पनीर और दही का निर्माण किया जा रहा था। विभागीय जांच में सामने आया कि पनीर बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मदर डेयरी के दूध की एक्सपायरी तारीख 21 अक्टूबर थी, जबकि निरीक्षण 23 अक्टूबर को किया गया। टीम ने मौके पर करीब 1000 लीटर दूध और 80 किलो दही नष्ट कराया। इसके साथ ही पनीर, दूध और दही के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। डेयरी को सील करने और लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मिठाइयों में अमानक रंग इस्तेमाल करने का संदेह कैंप-2 स्थित गुप्ताजी लड्डू हाउस में जांच के दौरान करीब 250 किलो मैदे के लड्डुओं में अमानक रंग और स्वीटनिंग एजेंट के इस्तेमाल का संदेह सामने आया। वहीं, बैकुंठधाम स्थित मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स में अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। यहां पेड़ा, सोनपापड़ी और अन्य मिठाइयों को बिना जरूरी लेबल वाले प्लास्टिक जार में पैक किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान करीब 200 किलो पेड़ा, 1020 किलो सोनपापड़ी और 70 किलो मैसूर पाक सहित अन्य मिठाइयों को नष्ट करने की प्रक्रिया की गई।
पैकिंग की तारीख 9 दिन आगे मिली वैशाली नगर स्थित जलाराम नमकीन एंड डेयरी में भी पैकेजिंग से जुड़ी अनियमितता सामने आई। जांच के दौरान बिस्किट के पैकेटों पर पैकिंग की तारीख 1 नवंबर 2026 दर्ज मिली, जबकि निरीक्षण 23 अक्टूबर को हुआ था। विभाग ने इसे भ्रामक लेबलिंग से जुड़ा मामला मानते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की है। रायपुर में भी नष्ट की गई थी मिठाई इससे पहले 17 अक्टूबर को रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने चार प्रतिष्ठानों की जांच की थी। तेलीबांधा की मिठाई दुकानों में गंदगी, कीड़े, कॉकरोच और खराब चाशनी मिलने की जानकारी सामने आई थी।उस दौरान करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जांच जारी रहेगी। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद संबंधित मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।














Leave a Reply