राजनांदगांव : प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से बदली नोहर सिन्हा की जिंदगी

राजनांदगांव : प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से बदली नोहर सिन्हा की जिंदगी

– हर महीने 3 हजार रूपए के बिजली बिल से मिली राहत
– सोलर पैनल लगने से बिजली बिल हुआ शून्य, सब्सिडी की राशि भी मिली
– सिन्हा ने ग्रामीणों से की सौर ऊर्जा अपनाकर आर्थिक बचत करने की अपील
राजनांदगांव । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना न केवल बिजली बिल के आर्थिक बोझ से राहत दिला रही है, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर परिवारों को आत्मनिर्भर भी बना रही है। योजना का लाभ लेकर डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बुढ़ानछापर निवासी नोहर सिन्हा ने अपने घर में सोलर पैनल लगवाया है। इससे उनका बिजली बिल शून्य हो गया है और परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली है। नोहर सिन्हा ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल प्रतिमाह लगभग 3 हजार रूपए आता था। बिजली बिल की इतनी बड़ी राशि चुकाना परिवार के लिए आर्थिक चिंता का कारण बना हुआ था। हर महीने बिजली बिल के भुगतान में घरेलू बजट का एक बड़ा हिस्सा खर्च हो जाता था। इसी दौरान उन्हें सूर्यघर सभा के माध्यम से शासन की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। योजना के लाभ और शासन द्वारा प्रदान की जा रही सब्सिडी के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उन्होंने अपने घर में सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया।


नोहर सिन्हा ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि 3 किलोवॉट का सोलर पैनल लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है। इससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 3 हजार रूपए अर्थात सालाना लगभग 36 हजार रूपए के बिजली खर्च से राहत मिल रही है। शासन की ओर से मिलने वाली सब्सिडी की राशि कुल 1 लाख 8 हजार रूपए भी उनके बैंक खाते में प्राप्त हो चुकी है। बिजली बिल की चिंता दूर होने से अब वे बचत की राशि का उपयोग परिवार की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में कर सकेंगे। नोहर सिन्हा ने ग्राम पंचायत बुढ़ानछापर सहित आसपास के ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब सरकार सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी प्रदान कर रही है, तो अधिक से अधिक परिवारों को इसका लाभ लेना चाहिए।

See also  राजनांदगांव : सुरक्षित बचपन अभियान का हुआ शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *