मोहला : महिलाओं को लाख की वैज्ञानिक खेती के टिप्स दिए…

मोहला , ओरेकल परियोजना व उद्योगिनी के सहयोग से मोहला-मानपुर क्षेत्र की 44 महिला किसानों के लिए कांकेर जिले में शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण में सवरबोड़, हर्राटोला और मेंढा गांव की महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को लाख की वैज्ञानिक खेती, महिला उद्यम समूहों के संचालन, लघु वनोपज संग्रहण व प्रसंस्करण तथा बाजार से जुड़ाव की प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

महिलाओं ने भैरादिह गांव स्थित लाख ब्रूड फार्म का अवलोकन किया। यहां उन्हें लाख उत्पादन के महत्व, रंगिनी व कुसुमी लाख की किस्मों, लाख के प्रमुख पोषक वृक्षों कुसुम, पलाश और बेर तथा वैज्ञानिक उत्पादन पद्धतियों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही लाख ब्रूड के इनोकुलेशन, कीट प्रबंधन, कीटनाशक छिड़काव की उचित विधि और लाख उत्पादन के आर्थिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। महिलाओं ने सेमियालाटा की खेती से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की, जिससे वे स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आजीविका के नए अवसर विकसित कर सकें।

महिला उद्यम समूह से सीखा व्यवसाय संचालन का मॉडल: महिलाओं ने डोमहारा स्थित लघु वनोपज संग्रहण व प्रसंस्करण इकाई का भ्रमण किया और नारी शक्ति महिला उद्यम समूह की सदस्यों के साथ संवाद किया। इस दौरान समूह गठन व प्रबंधन, कार्यों का विभाजन, लेखा-जोखा संधारण, सामूहिक निर्णय प्रक्रिया और व्यवसाय संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। महिलाओं को जामुन, आम और सीताफल से गूदा निकालने की प्रक्रिया, प्रसंस्करण मशीनों के सुरक्षित संचालन, तैयार उत्पादों के विपणन एवं बाजार से जुड़ाव के बारे में भी जानकारी दी गई।

See also  CG मौसम : चक्रवात अर्नब का असर अभी बाकी, छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आज भी बरसेंगे बादल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *