CG : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ विधानसभा के सरिया क्षेत्र की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की…

सारंगढ़–बिलाईगढ़ । वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायपुर स्थित अपने शासकीय आवास से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर सारंगढ़ –बिलाईगढ़ जिले के रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया अंचल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। चौधरी ने स्वीकृत कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

विद्युत, पेयजल और अमृत मिशन के कार्यों पर चर्चा

समीक्षा बैठक में राजपुर 132 केवी विद्युत परियोजना, अमृत मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों तथा क्षेत्र में जल स्तर से जुड़ी स्थिति और समस्याओं पर चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित विभागों को कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी करने और सामने आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

जिन स्वीकृत कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं, उनकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने को कहा गया। बैठक में सरिया क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और उनकी अद्यतन जानकारी उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया गया।

अस्पताल और सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

नर्सिंग कॉलेज के लिए निर्माण प्रक्रिया और 100 बिस्तरों के अस्पताल की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। मंत्री ने संबंधित निर्माण विभाग को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्माण की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों के संबंध में भी चर्चा हुई। उन्होंने संबंधित विभागों से सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कार्य निर्धारित समय में पूरा करने को कहा।

See also  राजनांदगांव : नशे से दूरी, जनसेवा से जुड़ाव, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प…

समीक्षा के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सारंगढ़, तहसीलदार सरिया एवं बरमकेला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सरिया सहित जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, विद्युत विभाग और सीएसईबी के संबंधित अधिकारियों को सरिया क्षेत्र के कार्यों की अद्यतन जानकारी एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ वीसी में जुड़ने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *