CG : भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक पर 9 नवंबर को बड़ा मंदिर में समर्पित होगा निर्वाण लाडू…

CG : भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक पर 9 नवंबर को बड़ा मंदिर में समर्पित होगा निर्वाण लाडू...

रायपुर । भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक महापर्व के अवसर पर 9 नवंबर को मालवीय रोड स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। समयोपदेश वर्षायोग समिति एवं सकल दिगंबर जैन समाज रायपुर के तत्वावधान में मुनि आगम सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में निर्वाण लाडू समर्पण और वर्षायोग के मंगल कलशों का विधिवत निष्ठापन होगा।

इससे पहले गुरुवार, 5 नवंबर को मंदिर में अभिषेक, शांतिधारा, आचार्य एवं जिनेंद्र देव की संगीतमय पूजन, धार्मिक कक्षाओं और स्वाध्याय का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मूलनायक भगवान आदिनाथ के समक्ष अभिषेक किया। इसके बाद विश्व शांति और जनकल्याण की भावना से शांतिधारा संपन्न हुई। शांतिधारा करने का सौभाग्य धीरज गोधा जैन, रतलाम को प्राप्त हुआ।

‘छह ढाला’ और ‘तत्त्वार्थ सूत्र’ का हुआ स्वाध्याय
धार्मिक कक्षाओं में मुनि आगम सागर ने जैन ग्रंथ ‘छह ढाला’ का अध्ययन कराते हुए श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। वहीं मुनि पुनीत सागर ने ‘तत्त्वार्थ सूत्र’ के माध्यम से जैन दर्शन के सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया।

समयोपदेश वर्षायोग 2026 के अध्यक्ष संजय नायक जैन एवं सचिव राजेश रज्जन जैन ने बताया कि रायपुर के बड़ा मंदिर को 18 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मुनि संघ के सानिध्य में चातुर्मास का अवसर प्राप्त हुआ है। इस दौरान अनेक धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुए हैं।

नवधा भक्ति के साथ मुनि संघ की आहारचर्या
गुरुवार सुबह 9:30 बजे नवधा भक्ति के साथ मुनि संघ की आहारचर्या संपन्न हुई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पड़गाहन, उच्चासन, पाद प्रक्षालन, पूजन और प्रणाम सहित निर्धारित विधि-विधान के साथ आहारदान किया।

See also  CG : वन मंत्री कश्यप ने किया युवा उत्सव व बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ...

आहारदान का सौभाग्य सुनीला जैन एवं गणेशराम नगर ग्रुप, पुष्पा देवी जैन एवं बंशीलाल जैन, सरिता जैन, सपना जैन एवं रेखा जैन, जीवनलाल जैन, चंद्रकली जैन, रोहिता जैन, पुष्पेंद्र जैन, अपराजिता जैन एवं ईशान जैन (टैगोर नगर, निज निवास) को प्राप्त हुआ।

9 नवंबर को सुबह 7 बजे से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान
वर्षायोग समिति ने 9 नवंबर को होने वाले महोत्सव की रूपरेखा जारी की है। कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7 बजे से जी का अभिषेक एवं शांतिधारा होगी। इसके बाद भगवान महावीर स्वामी की विशेष अष्टद्रव्य पूजन और संगीतमय अर्घ्य समर्पण किया जाएगा।

भगवान महावीर के मोक्ष गमन की स्मृति में निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा। इसी अवसर पर समयोपदेश वर्षायोग 2026 के मंगल कलशों का विधि-विधान से निष्ठापन भी होगा। कलश धारकों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है, ताकि वे अपने कलश प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान मुनि आगम सागर ससंघ के सानिध्य में फूलमाला, आरती और अन्य मांगलिक क्रियाओं की बोलियां भी संपन्न कराई जाएंगी।

जैन समाज से शामिल होने की अपील
वर्षायोग समिति एवं मंदिर प्रबंधकारिणी ने रायपुर के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से 9 नवंबर को सुबह 7 बजे बड़ा मंदिर पहुंचकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *