CG : आमा तालाब छठ घाट पर हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व…

CG : आमा तालाब छठ घाट पर हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व…

रायपुर । रायपुर के 150 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक आमा तालाब छठ घाट पर 16 नवंबर को अत्यंत भक्तिमय, अनुशासित एवं धार्मिक वातावरण में लोकआस्था के महापर्व छठ का भव्य समापन हुआ। प्रातःकाल 4:00 बजे से ही श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं का जनसैलाब सिर पर पूजा की सामग्री से सजे ‘दउरा’ और ‘दउरी’ लेकर आमा तालाब घाट पर पहुंचने लगा। पारंपरिक छठ गीतों की मधुर गूंज और ‘छठी मईया’ के जयकारों से संपूर्ण तालाब परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।

इस वर्ष के आयोजन का मुख्य आकर्षण मंच और तालाब का जल परिसर रहा। मंच पर गूंजे छठ के पारंपरिक धार्मिक गीतों ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके साथ ही, नौका में सवार होकर सुप्रसिद्ध गायिका द्वारा गाए गए मधुर छठ गीतों ने पूरे आमा तालाब के वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय और मंत्रमुग्ध कर दिया। नौका विहार के साथ गूंजती इन लोक धुनों ने घाट पर उपस्थित हर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

सूर्य उपासना और प्रकृति प्रेम के इस चार दिवसीय अनुष्ठान को व्रतियों ने पूर्ण शुद्धता और नियम-निष्ठा के साथ संपन्न किया जिसमें पर्व के पहले दिन व्रतियों ने पवित्र स्नान कर घर और आसपास की विशेष साफ-सफाई की। सात्विक भोजन ग्रहण कर कठिन व्रत का संकल्प लिया।दूसरे दिन व्रतियों ने दिनभर निर्जला उपवास रखा और संध्या काल में मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर छठी मईया को अर्पित किया। प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का शुभारंभ हुआ। तीसरे दिन शाम को व्रती परिवार सहित आमा तालाब घाट पहुंचे और अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्यदेव को जल और दूध से प्रथम अर्घ्य अर्पित किया।महापर्व के अंतिम दिन आज 16 नवंबर की भोर में व्रतियों ने कमर तक जल में खड़े होकर उगते हुए भगवान भास्कर (ऊषा सूर्य) की आराधना की। उपस्थित पुरुष वर्ग ने विधि-विधान से अर्घ्य दिलवाकर पूजा संपन्न करवाई। इसके पश्चात व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर (पारण कर) अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत पूर्ण किया।

See also  CG : रायपुर के गर्ग गोत्रीय शुक्ल सम्मेलन की रजत जयंती, 6 गांवों के परिवार एक साथ जुटे …

इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के लौह, शिल्प एवं कर्मकार मंडल के अध्यक्ष तथा विश्वकर्मा समाज के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने छठ पर्व की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, जल, सूर्य और जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पवित्र माध्यम है। उन्होंने पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया छठ हमें सिखाता है कि जीवन में केवल उगते सूर्य को ही नहीं, बल्कि डूबते सूर्य को भी प्रणाम करना चाहिए। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना जीवन के हर चरण को स्वीकार करने का प्रतीक है, जबकि उगते सूर्य को अर्घ्य नई ऊर्जा, आशा और सुखमय जीवन की मंगलकामना का द्योतक है।भगवान सूर्यदेव ऊर्जा और जीवन के आधार हैं, वहीं छठी मईया अपने भक्तों को संतान सुख, उत्तम स्वास्थ्य और पारिवारिक खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। यह पर्व स्वच्छता, आत्म-संयम, श्रद्धा और कठिन तपस्या का अद्भुत संगम है, जिसमें व्रती अपने बच्चों की दीर्घायु और परिवार की सुख-शांति के लिए निर्जला व्रत रखती हैं।

आमा तालाब छठ घाट पर आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में समाज और राजनीति के अनेक गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे और श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित प्रमुख अतिथियों में छ.ग. शासन के लौह, शिल्प एवं कर्मकार मंडल के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, उत्तर विधानसभा के पूर्व विधायक, जवाहर नगर मंडल के अध्यक्ष संदीप जंघेल, महामंत्री पूर्व अध्यक्ष संतोष साहू, रमेश शर्मा, मनोज विश्वकर्मा,सूरज शर्मा, शंकर शर्मा, अश्वनी विश्वकर्मा, सन्नी शर्मा, सुनील शर्मा एवं संतोष विश्वकर्मा शामिल थे। समिति के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से घाट पर स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा की उत्तम व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में अत्यंत सुगमता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *