CG : धान खरीदी में किसानों को न हो परेशानी, व्यवस्था सुचारू रखने कलेक्टर ने दिए निर्देश…

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा, उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश


रायपुर । कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, धान खरीदी व्यवस्था एवं शहर की साफ-सफाई की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिले में धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता और सुचारू रूप से संचालित किया जाए। किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक उपार्जन केंद्र में किसानों के बैठने, छाया, शुद्ध पेयजल, बारदाना, तौल एवं धान के सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखें। टोकन व्यवस्था सुचारू रहे तथा किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। धान खरीदी से संबंधित किसी भी समस्या का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रायपुर शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी वार्डों, प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कचरे का समय पर उठाव हो तथा स्वच्छता संबंधी कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। साथ ही नागरिकों से प्राप्त स्वच्छता संबंधी सुझावों एवं शिकायतों पर भी तत्परता से ध्यान दिया जाए।

See also  बस्तर की कौशल्या सेठिया ने मशरूम उत्पादन से लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी

कलेक्टर डॉ. सिंह ने विभिन्न विभागों में लंबित समय-सीमा के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों से जुड़े आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जनहित के कार्यों में तेजी लाएं। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *