CG : बदलाव की नई इबारत लिखता बस्तर ओलंपिक …

CG : बदलाव की नई इबारत लिखता बस्तर ओलंपिक …

पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों से निकली खेल प्रतिभाएं
छिंदगढ़ में गोद में बच्चों को लिए मैदान पर उतरीं मातृशक्ति

सुकमा । नक्सलवाद के साये से बाहर निकलकर अब बस्तर के अंदरूनी गांवों की तस्वीर तेजी से बदल रही है, जिसकी सबसे खूबसूरत और जीवंत झलक बुधवार को छिंदगढ़ विकासखंड के खेल मैदानों में देखने को मिली। ‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित ‘बस्तर ओलंपिक 2026-27’ के क्लस्टर स्तरीय मुकाबलों में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। इस खेल महाकुंभ का सबसे भावुक और प्रेरक दृश्य तब सामने आया, जब ग्रामीण महिलाएं अपने नन्हे बच्चों को गोद में लेकर मैदान पर पहुंचीं और पूरे जोश के साथ कबड्डी व रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

इस आयोजन ने यह साबित कर दिया है कि प्रशासन के प्रयासों से अब दूरस्थ वनांचलों में डर की जगह खेल और उत्साह ने ले ली है। कभी पहुँचविहीन और नक्सल प्रभावित रहे ग्राम पंचायत डब्बा से कबड्डी खेलने पहुंचीं श्रीमती दीपिका मुचाकी ने अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि प्रशासन ने यहां नाश्ते से लेकर दोपहर के भोजन तक की शानदार व्यवस्था की है, जिससे दूर-दराज से आए खिलाड़ियों को घर जैसा माहौल मिल रहा है। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। वहीं, इजडेपाल के पंचायत सचिव लच्छी कुंजाम ने भी अपनी जिम्मेदारियों से समय निकालकर खुद दौड़ में हिस्सा लिया और तृतीय स्थान हासिल कर युवाओं के सामने फिटनेस और खेल भावना की मिसाल पेश की।

See also  छत्तीसगढ़ में धान खरीदी पर पटवारियों की हड़ताल बेअसर, साय सरकार का बड़ा दावा

जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और बेहतर प्रबंधन की बदौलत यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता न रहकर एक भव्य ग्रामीण उत्सव बन गया है। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों की हर छोटी-बड़ी सुविधा का विशेष ख्याल रखा गया है। मैदानों में स्वच्छ पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और पौष्टिक भोजन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है। इसके अलावा, खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बनाए गए आकर्षक सेल्फी स्टैंड पर ग्रामीण और युवा अपनी यादगार तस्वीरें लेते नजर आए, जबकि एसडीएम सुमीत ध्रुव और जनपद सीईओ शंकर बघेल सहित तमाम अधिकारी खुद मैदान में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

16 से 19 नवंबर तक चल रहे क्लस्टर स्तरीय मुकाबलों के बाद 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तर पर और फिर 26 व 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम एवं पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय स्पर्धाएं आयोजित होंगी। जूनियर और सीनियर वर्ग में एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे जैसी विधाओं के जरिए ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने का काम किया जा रहा है।

जिला प्रशासन की यह दूरदर्शी पहल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बस्तर के दूरस्थ अंचलों में शांति, विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम बन गई है। खेलों के जरिए युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रशासन का यह प्रयास निश्चित रूप से आने वाले समय में बस्तर की माटी से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करेगा।

See also  CG : ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *