मोहला : विकसित भारत-जी राम जी योजना के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

मोहला : विकसित भारत-जी राम जी योजना के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

– जिला पंचायत सीईओ ने लॉन्च किया डिजिटल मॉनिटरिंग ऐप, GPS एवं GIS तकनीक से होगी विकास कार्यों की रियल टाइम निगरानी

        मोहला, । जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के सभाकक्ष में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम (VB-GRAM-G) एवं विकसित ग्राम पंचायत प्लान (VGPP) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-समीक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को कार्ययोजना निर्माण, कार्यों की प्राथमिकता, विभागीय योजनाओं के अभिसरण तथा तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
       कार्यशाला में NMMS 2.0, MIS, GST, FTO जनरेशन, GIS मैपिंग, SECURE, ई-एमबी एवं VGPP पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

– डिजिटल ऐप से होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग

कार्यशाला में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उज्वल पोरवाल ने पहल परियोजना के अंतर्गत विकसित डिजिटल मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर कार्य का विवरण, अनुमानित लागत, GPS लोकेशन एवं फोटो डिजिटल रूप से दर्ज किए जाएंगे। यह जानकारी सीधे www.myvgpp.co.in पोर्टल पर उपलब्ध VGPP Spatial Plan Portal पर पहुंचेगी।
        इसके बाद संबंधित तकनीकी सहायकों द्वारा कार्यों का सत्यापन कर भारत सरकार के VGPP पोर्टल पर ऑनलाइन मार्किंग की जाएगी। इस व्यवस्था से जिला स्तर पर प्रस्तावित, निरीक्षण किए गए एवं पोर्टल पर दर्ज कार्यों की रियल टाइम निगरानी संभव होगी।

– पांच वर्षीय ग्राम विकास योजना बनाने की पहल

इस डिजिटल नवाचार का उद्देश्य ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं एवं उपलब्ध संसाधनों के आधार पर पांच वर्षीय सैचुरेशन आधारित विकास योजना तैयार करना है। इसके लिए विभिन्न विभागों की योजनाओं का अभिसरण कर आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी।
     कार्यशाला में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रस्तावित कार्यों का वास्तविक स्थल निरीक्षण कर ऐप में जानकारी दर्ज करने तथा VGPP पोर्टल पर ऑनलाइन मार्किंग सुनिश्चित करने के  निर्देश दिए गए। इस पहल से ग्रामीण विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं तकनीक आधारित निगरानी को मजबूती मिलेगी।

See also  राजनांदगांव : ऑयल पाम की खेती पर अल नीनो का प्रभाव एवं उसके शमन के उपाय विषय पर तकनीकी संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *