CG : रायपुर में बदला मौसम, 9 जिलों में बारिश का अलर्ट…

CG : रायपुर में बदला मौसम, 9 जिलों में बारिश का अलर्ट…

रायपुर . बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार ताकतवर होता जा रहा है। बुधवार को इसकी रफ्तार बढ़कर 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। वहीं, गुरुवार सुबह तक चक्रवात गोपालपुर से करीब 530 किलोमीटर, पुरी से 590 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के कलिंगपत्तनम से 440 किलोमीटर दूर केंद्रित था। यह लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी दिशा में गोपालपुर की ओर आगे बढ़ रहा है। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ में भी देखने को ​मिल रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में कल रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग के साथ कई अन्य जिले शामिल हैं। विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक, जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इन इलाकों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की जरूरत है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (मौसम केन्द्र, रायपुर) तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा (परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर) द्वारा सुकमा जिले के लिए आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान एवं कृषि सलाह बुलेटिन जारी किया गया है।

See also  CG : एआई से नई सोच को मिलेगी उड़ान, भविष्य की तकनीक से जुड़ेंगे जिले के स्कूली बच्चे …

पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में 18 से 22 नवम्बर 2026 के दौरान आसमान में 75 से 100 प्रतिशत तक घने बादल छाए रहने तथा 21 एवं 22 नवम्बर को भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, हवा में नमी (आर्द्रता) 50 से 95 प्रतिशत के मध्य रहेगी तथा उत्तर एवं उत्तर-पूर्व दिशा से 2 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। संभावित भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। किसानों को सलाह दी गई है कि यदि धान की फसल कटाई की अवस्था में है, तो उसकी शीघ्र कटाई कर सुरक्षित व ढके हुए स्थान पर भण्डारण करें और कटी हुई उपज को खुले खेत में न छोड़ें।

साथ ही, तेज हवा और बारिश की आशंका के चलते धान को मंडी ले जाने की यात्रा फिलहाल स्थगित रखने तथा मौसम और परिवहन व्यवस्था सामान्य होने के बाद ही उपज मंडी ले जाने का परामर्श दिया गया है। इसके अतिरिक्त, रबी फसलों जैसे गेहूं, चना, सरसों की बुवाई तथा सब्जियों की रोपाई को आगामी 3 से 4 दिनों तक टालने और मौसम साफ होने पर ही बुवाई करने को कहा गया है। कृषि बुलेटिन में फसलों के बेहतर प्रबंधन हेतु खेतों में उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बारिश के दौरान किसी भी प्रकार के कीटनाशक या नींदानाशक का छिड़काव न करने की हिदायत दी गई है। अरहर की फसल में मिट्टी चढ़ाने का कार्य करने तथा सिंचाई व निराई-गुड़ाई रोकने की सलाह दी गई है।

See also  राजनांदगांव : आसान धान बेचने की प्रक्रिया से किसान मेघनाथ सिन्हा के चेहरे पर आई खुशहाली - ऑनलाईन टोकन की सुविधा से घर बैठे मिला टोकन

वहीं, सब्जी व फल उत्पादक किसानों को टमाटर, केला और लता वाली सब्जियों को गिरने से बचाने के लिए सहारा (स्टेकिंग) देने एवं पपीता व गोभी वर्गीय फसलों के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने को कहा गया है। पशुपालकों एवं मुर्गीपालकों को भी तेज हवा, बारिश और ठंड से पशुओं के बचाव हेतु उन्हें सुरक्षित व सूखे शेड में रखने, पशुशाला में जल निकासी व सूखे बिछावन की व्यवस्था करने तथा स्वच्छ पेयजल व सूखा चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। नवजात बछड़ों, मेमनों और बकरी के बच्चों की विशेष देखभाल करने को कहा गया है। इसके साथ ही, जिला प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे नियमित मौसम पूर्वानुमान एवं त्वरित कृषि सलाह प्राप्त करने के लिए श्मौसम सीजीश् (मेघदूत) मोबाइल ऐप पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *