CG : पढ़ाई के लिए संघर्ष कर रहा दृष्टिबाधित छात्र, प्रशासन से मदद की गुहार …

CG : पढ़ाई के लिए संघर्ष कर रहा दृष्टिबाधित छात्र, प्रशासन से मदद की गुहार …

जगदलपुर: शहर के शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय आड़ावाल में दाखिला लेने को लेकर एक दृष्टिबाधित छात्र को अदालत से राहत मिलने के बाद भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांकेर जिले के ग्राम लोहत्तर निवासी नमन कुमार मंडावी का आरोप है कि न्यायालय से दोबारा प्रवेश का आदेश होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन उनसे नई शर्तें पूरी करने को कह रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई दोबारा शुरू नहीं हो पा रही है। जानकारी के मुताबिक, यह विवाद 5 जून 2024 को हुई कार्रवाई से जुड़ा है। नमन का कहना है कि छात्रावास में भोजन व्यवस्था को लेकर उन्होंने अन्य विद्यार्थियों के साथ जिला प्रशासन से शिकायत की थी। उनका आरोप है कि इसी शिकायत के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कर्मचारी को धमकाने और चिकन बिरयानी मंगाने जैसे आरोप लगाए गए और उनका टीसी काट दिया गया।

नमन के अनुसार, उस समय उनके साथ करीब 20 से 25 बच्चों को हटाया गया था, जिनमें से पांच विद्यार्थियों को बाहर किया गया और तीन ने अदालत की शरण ली। उनका दावा है कि कानूनी लड़ाई में उन्हें जीत मिली और न्यायालय ने उन्हें दोबारा प्रवेश देने का आदेश दिया। हालांकि, छात्र और उनकी बड़ी बहन नमिता मंडावी का कहना है कि आदेश के बाद जब वे प्रवेश के लिए पहुंचे, तो स्कूल प्रबंधन ने शपथ पत्र और संस्थान की कई शर्तों वाली नियमावली पर हस्ताक्षर करने की बात कही। परिवार का दावा है कि अदालत के आदेश में ऐसी किसी अतिरिक्त शर्त का जिक्र नहीं है, फिर भी उन्हें बार-बार स्कूल बुलाकर वापस भेजा जा रहा है। नमन का सवाल है कि न्यायालय से पक्ष में फैसला आने के बाद भी उन्हें अपनी पढ़ाई शुरू करने के लिए बार-बार क्यों दौड़ना पड़ रहा है। वहीं बहन नमिता मंडावी चाहती हैं कि बिना किसी अतिरिक्त शर्त के नमन को तुरंत प्रवेश मिले, ताकि उनकी रुकी हुई पढ़ाई पूरी हो सके। फिलहाल परिवार को जिला प्रशासन के हस्तक्षेप और आदेश के पालन का इंतजार है।

See also  राजनांदगांव : मोहारा पुन्नी मेले में आस्था का महासंगम! मां गंगा और शिवनाथ जी की भव्य आरती में उमड़े श्रद्धालु…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *