CG : सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का आपसी समन्वय से प्राथमिकता के साथ करें निराकरण: कलेक्टर…

CG : सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का आपसी समन्वय से प्राथमिकता के साथ करें निराकरण: कलेक्टर...

धान खरीदी व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा, अनुपस्थित सब इंजीनियर को निलंबित करने तथा निलंबित पटवारियों को आरोप पत्र जारी करने के निर्देश
बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी दिए निर्देश

बालोद । कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों को प्रमुखता से लेते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से शिकायतों का समयबद्ध और संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। वहीं बैठक में अनुपस्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सब इंजीनियर को निलंबित करने तथा पूर्व में निलंबित पटवारियों को आरोप पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए।

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि स्कूली विद्यार्थियों को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के उद्देश्य से जिले के किसी भी स्कूल परिसर के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री कतई न हो तथा ऐसा पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने पुलिस विभाग को स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विशेष रूप से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जा सके।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गंभीरता और पारदर्शिता से करें निराकरण

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत लंबित एवं स्पेशल क्लोज्ड किए जा रहे प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच करें और उनका उचित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकरणों को बंद करने के लिए केवल औपचारिकता पूरी करना उचित नहीं है। प्रत्येक शिकायत के निराकरण की वास्तविक स्थिति और उससे संबंधित तथ्यात्मक कारण स्पष्ट रूप से दर्ज किए जाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए शिकायतों के निराकरण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

See also  CG : घर में सो रहा था परिवार, अनियंत्रित होकर घुसा कबाड़ से भरा ट्रक, इलाके में मचा हड़कंप …

धान खरीदी व्यवस्था की विस्तार से की समीक्षा

बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर संचालित धान खरीदी कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा, सुचारु व्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीदी केंद्रों में टोकन व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, धान की तौल और सुरक्षित रखरखाव सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बिटाल, खोलझर, पेण्डरवानी और कुसुमकसा में विद्युत पोल के झुके हुए तार को व्यवस्थित करने के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों को खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

अनुपस्थित सब इंजीनियर को निलंबित करने तथा निलंबित पटवारियों को आरोप पत्र जारी करने के निर्देश

समय-सीमा की बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुपस्थित सब इंजीनियर को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में निलंबित किए गए पटवारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए उन्हें आरोप पत्र जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में अनुपस्थित अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा अपने दायित्वों का गंभीरता और समयबद्धता के साथ निर्वहन करें। शासकीय कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

See also  राजनांदगांव : मां कर्मा रक्तवीर क्लब का 86वां रक्तदान शिविर, 61 लोगों ने किया रक्तदान...

बैठक में वनमण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर गिरधारी लाल यादव, हरिवंश सिंह मिरी एवं नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *