CG : बिहान योजना से बदली गायत्री की जिंदगी, विभिन्न आजीविका गतिविधियों से बनीं ‘लखपति दीदी’…

CG : बिहान योजना से बदली गायत्री की जिंदगी, विभिन्न आजीविका गतिविधियों से बनीं ‘लखपति दीदी’...

रायपुर । ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। योजना से जुड़कर महिलाएं आजीविका के विभिन्न साधनों को अपनाते हुए न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पुतका की रहने वाली गायत्री की है, जो हीरा स्व-सहायता समूह से जुड़कर आज ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।


गायत्री बताती हैं कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें डेढ़ लाख रुपये का ऋण मिला। इस राशि से उन्होंने शुरुआत में ईंट निर्माण का कार्य शुरू किया। इसके बाद धान कुटाई मशीन खरीदी और अपने काम को आगे बढ़ाया। साथ ही वे खेती-बाड़ी भी करती हैं। ऋण की सहायता से उन्होंने बकरी पालन का कार्य भी शुरू किया। इसके अलावा धान कटाई और पुआल संग्रहण जैसी गतिविधियों को भी अपनी आजीविका का हिस्सा बनाया।

गायत्री ने बताया कि अलग-अलग आजीविका गतिविधियों को अपनाने और बिहान योजना के माध्यम से मिले प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन से उनकी आमदनी के नए रास्ते खुले। धीरे-धीरे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और वे ‘लखपति दीदी’ बनने में सफल रहीं। वे कहती हैं कि बिहान से जुड़ने के बाद उन्हें बहुत कुछ सीखने और समझने का अवसर मिला। आज वे अपने पैरों पर खड़ी हैं और आत्मविश्वास के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

गायत्री के पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे हैं। उनके बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। एक बच्चा दसवीं और एक बारहवीं कक्षा में अध्ययनरत है, जबकि दो बच्चे कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पति खेती-बाड़ी के कार्य से जुड़े हैं। गायत्री की मेहनत और अतिरिक्त आय के साधनों ने बच्चों की शिक्षा और परिवार के बेहतर भविष्य को नई मजबूती दी है।
अपनी सफलता का श्रेय बिहान योजना और शासन की पहल को देते हुए गायत्री मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करती हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णु भैया के सुशासन में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं। बिहान योजना ने उन्हें अपनी पहचान बनाने और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर दिया है।

See also  CG : नदी में फंसी भैंस को निकालने गया ग्रामीण, गहरे पानी में डूबने से मौत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *