CG : ई-चालान भरना हुआ आसान, QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी पूरी जानकारी…

CG : ई-चालान भरना हुआ आसान, QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी पूरी जानकारी...

सरकारी कार्यालयों, पेट्रोल पंप, बैंकों और ऑटो डीलर्स के यहां लगाए जा रहे QR कोड

रायपुर । राजधानी रायपुर में अब वाहन चालकों के लिए ई-चालान की जानकारी प्राप्त करना और उसका ऑनलाइन भुगतान करना आसान हो गया है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने इसके लिए QR कोड सुविधा शुरू की है। अब वाहन मालिक अपने मोबाइल फोन से QR कोड स्कैन कर अपने वाहन पर जारी ई-चालान का विवरण देख सकेंगे और ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।

यातायात पुलिस ने इस सुविधा को अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर QR कोड चस्पा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें शासकीय कार्यालय, पेट्रोल पंप, ऑटो डीलर्स, बैंक और यातायात थाने शामिल हैं।

लंबित ई-चालान के निराकरण में मिलेगी मदद
रायपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ITMS कैमरों और यातायात पुलिस के माध्यम से लगातार ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। चालान जारी होने पर वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए सूचना भी भेजी जाती है। इसके बावजूद जानकारी के अभाव में कई वाहन मालिक अपने चालान की स्थिति नहीं देख पाते और भुगतान लंबित रह जाता है।

इसी समस्या को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने QR कोड आधारित सुविधा शुरू की है। इसे स्कैन करने पर वाहन मालिक ई-चालान का विवरण प्राप्त कर सकेंगे और निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।

सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जा रहे QR कोड
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के सभी यातायात थानों के माध्यम से QR कोड लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसके लिए सरकारी कार्यालयों, पेट्रोल पंपों, ऑटो डीलर्स, बैंकों और थाना भवनों में QR कोड लगाए जा रहे हैं।

See also  CG : छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों के लिए वैश्विक बाजार के नए द्वार

पुलिस के मुताबिक, इस सुविधा से वाहन चालकों को ई-चालान की जानकारी लेने के लिए बार-बार यातायात कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी। साथ ही लंबित चालानों के समय पर भुगतान और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

डीसीपी ट्रैफिक ने की नियमों के पालन की अपील
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहन पर जारी ई-चालान की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने चालान का समय पर भुगतान करने और QR कोड सुविधा का लाभ उठाने का आग्रह किया है।

ई-चालान की जानकारी और ऑनलाइन भुगतान के लिए आधिकारिक वेबसाइट:
https://echallan.parivahan.nic.in

यातायात हेल्पलाइन: 9479210632

यातायात पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *