CG : संविधान दिवस पर ग्राम कटेली में जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को दिलाई संविधान की शपथ ….

CG : संविधान दिवस पर ग्राम कटेली में जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को दिलाई संविधान की शपथ ….

संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की दी जानकारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़
। संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कटेली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं स्कूली बच्चों को भारतीय संविधान के महत्व, मूल आदर्शों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया और शपथ दिलाई।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ तिवारी ने भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी विशेषताओं तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान तिवारी ने स्कूली बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए संविधान से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए और संविधान के संबंध में अपनी जानकारी साझा की। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करने, देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति निष्ठावान रहने का संकल्प लिया।

संविधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों के साथ श्रमदान कर ग्राम के सरोवर की साफ-सफाई की। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता एवं जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्षा जल के संरक्षण, जल स्रोतों के नियमित रखरखाव तथा पानी की बर्बादी रोकने पर विशेष जोर देते हुए ग्रामीणों से स्वच्छता एवं जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

See also  CG : जल्द होगी सीजीपीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति : मुख्यमंत्री साय…

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के एपीओ शशिकांत गुप्ता, जनपद पंचायत सीईओ आर.एस. नायक, कार्यक्रम अधिकारी सारंगढ़, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीणजन एवं स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *