दुर्ग जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ एक बार फिर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए राज्य शासन ने निर्देश जारी किए हैं। निर्देश के साथ ही भिलाई-चरोदा से कार्रवाई की शुरुआत भी की गई है। बुधवार को निगम के स्वास्थ्य विभाग ने छापामार कार्रवाई की। निगम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलीथिन के विरुद्ध अभियान चलाया। इस दौरान फल दुकान और किराना व्यवसाय करने वाले दुकानदारों के पास से प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलीथिन जब्त की गई। दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। आगामी दिनों में दुर्ग, भिलाई और रिसाली निगम क्षेत्र में कार्रवाई की जानी है। अधिकारियों ने बताया कि इस बार प्लास्टिक के थैले तैयार करने वाली फैिक्ट्रयों में भी दबिश दी जाएगी। ताकि ऐसे उत्पाद बाजार तक न पहुंच सकें। इसे लेकर जल्द ही टोलफ्री नंबर भी जारी किया जाना है। दुर्ग| शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ भारत अभियान के तहत 16 दिसंबर तक सफाई को लेकर महाअभियान चलाया जाएगा। बुधवार से इसकी शुरुआत की गई। अभियान के तहत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने संदेश दिया जाएगा। श्रमदान के जरिए सार्वजनिक स्थलों पर सफाई कराई जाएगी। मुख्य रूप से स्कूल, कॉलेज, सरकारी दफ्तरों, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्रों, बाजारों में सफाई को लेकर अभियान चलाया जाएगा। जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, सरपंच, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वच्छताग्राही महिला स्वसहायता समूह सहित इस अभियान से जुड़ेंगे। लोगों से भी अपील की गई है कि वे भी सफाई के अभियान में जुड़ें। अपने घर और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखें। निकाय स्तर पर जागरुकता के लिए प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसे लेकर कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने बुधवार को समीक्षा बैठक भी ली, जिसमें जरूरी निर्देश दिए गए।