इंदौर, इंदौर संभाग के कमिश्नर डॉ. पवन शर्मा और जिला कलेक्टर मनीष सिंह समेत मातहत् अधिकारियों ने शनिवार को महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवायएच) में कोविड-19 का टीका लगवाया।
कलेक्टर मनीष सिंह ने सबसे पहले एमवायएच पहुंचे। उन्होंने काउंटर पर पहुंच कर अपना नाम और आधार नंबर दर्ज करवाया। इसके बाद 10 नंबर का टोकन लेकर टीकाकरण कक्ष में पहुंचे और टीका लगवाया। कमिश्नर डॉ. पवन शर्मा सुबह 11.30 बजे टीका लगवाने पहुंचे। टीका लगवाने के बाद कमिश्नर और कलेक्टर को प्रमाण पत्र भी दिया गया।
टीका लगवाने के बाद कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि पहले लोगों में कोरोना का डर था, वह अब खत्म हो चुका है। कोविड संक्रमितों की संख्या में भी कमी आई हैं। टीकाकरण भी शुरू हुआ है। अभी पहला डोज लगवाने के बाद भी लोगों को सावधानी बरतनी होगी। जिन्हें पहला डोज लगा है, उन्हें दूसरा डोज लग जाएं। इसके एक सप्ताह बाद ही रोग प्रतिरोधक क्षमता में इजाफा होगा। ऐसे में लोगों को अब भी सावधानी रखने की जरूरत है।
एमवायएच में कमिश्नर और कलेक्टर के अलावा एसपी आशुतोष बागड़ी, एमपीआइडीसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रोहन सक्सेना, एडीएम अजय देव शर्मा, एसपी इंटेलिजेंस राजेश सहाय, जिला पंचायक सीईओ हिमांशु चंद्र ने भी टीका लगवाया। अधिकारियों के साथ उनके ड्राइवर, गनमैन और अन्य कर्मचारी भी टीका लगवाने वालों में शामिल हैं।
