Home » CG : डैम में युवक को बचाने के दौरान मददगार की मौत …

CG : डैम में युवक को बचाने के दौरान मददगार की मौत …

18/05/2026
CG : डैम में युवक को बचाने के दौरान मददगार की मौत …

बिलासपुर। पिकनिक मनाने गए युवक एक बच्चे को डैम में डूबते देखकर गहरे पानी में कूद गया। इस हादसे में बच्चे की जान बच गई, लेकिन युवक खुद डूब गया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला गया। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। दरअसल, जरहाभाठा मंदिर चौक जरहाभाठा क्षेत्र से करीब 10-15 युवक रविवार को पिकनिक मनाने रतनपुर क्षेत्र के लछनपुर स्थित चचई डैम गए थे। सभी युवक डैम के आसपास घूम रहे थे। वहीं कुछ लड़के डैम में नहा रहे थे, तभी एक लड़का अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

इस दौरान बच्चे को डूबते देखकर जरहाभाठा जतिया तालाब के पास रहने वाला धीरज रात्रे (20) डैम में कूद गया। उसने किसी तरह पीठ पर लाद कर बच्चे को बाहर निकाला, जिसके बाद खुद गहरे पानी में समा गया। बताया जा रहा है कि पानी अधिक गहरा होने और बहाव के कारण धीरज बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथियों ने फौरन कोटा और रतनपुर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद धीरज का शव पानी से बाहर निकाला गया। इस घटना से धीरज के परिवार और साथियों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जिस बच्चे की जान बचाई गई, वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a comment