Home » CG : रायपुर का तापमान आज 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना …

CG : रायपुर का तापमान आज 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना …

27/04/2026
CG : रायपुर का तापमान आज 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना …

रायपुर. छत्तीसगढ़ में बस्तर को छोड़कर बाकी सभी इलाकों में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है. लगातार दूसरे दिन रायपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा. मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी में और ज्यादा गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान जताया है. लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है. जानकारी के अनुसार 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं आया. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया. रविवार को भीषण गर्मी के चलते लोग घरों में रहे. जरूरी काम से निकलने वाले सिर पर कपड़ा बाँधे या छतरी लिए नजर आए. मौसम विभाग ने रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान जारी किया है. 27 अप्रैल को रायपुर में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के दक्षिणी भाग में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं का आगमन प्रारंभ हो चुका है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. वहीं उत्तर पूर्व झारखंड में दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण फैला है. इसके अलावा मध्य प्रदेश के मध्य भाग में तीसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है. इसके चलते प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है. एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा तेज हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे चलने की संभावना है. एक-दो हिस्सों में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी दी गई है.

Leave a comment