Home » UP : पंचायत में माफी मांगकर पत्नी को लाया घर… फिर 11वें दिन कर दिया मर्डर, कमरे का ताला बंद कर भागा कातिल पति

UP : पंचायत में माफी मांगकर पत्नी को लाया घर… फिर 11वें दिन कर दिया मर्डर, कमरे का ताला बंद कर भागा कातिल पति

11/11/2023

आगरा में पंचायत में माफी मांगकर घर लाने के 11वें दिन ही पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोप है कि बेरहमी से पीटने के बाद दुपट्टे से गला घोट दिया। इसके बाद कमरे में ताला लगाकर भाग निकला। शुक्रवार सुबह पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। यह इनकी दूसरी शादी थी। मामला कमला नगर स्थित इंद्रा एंक्लेव का है।

एसीपी हरीपर्वत मयंक तिवारी ने बताया कि नगला छिद्दा, हरीपर्वत निवासी चित्रा (30) का पति से तलाक हो गया था। वह 10 साल के बेटे के साथ रह रही थी। उधर, कमला नगर स्थित इंद्रा एंक्लेव निवासी हेमंत की पत्नी की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। हेमंत और चित्रा ने इसी साल मई में मंदिर में शादी कर ली। 

हेमंत जूता फैक्टरी में काम करता था। शादी के कुछ दिन बाद से ही दोनों में विवाद होने लगा। इससे 19 अक्तूबर को झगड़े के बाद चित्रा मायके चली गई। पुलिस अधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिया। हेमंत ने परिवार के लोगों के साथ पंचायत में माफी मांगी, शपथ पत्र लिखकर दिया कि अब झगड़ा नहीं करेगा। 

वह चित्रा को 30 अक्तूबर को घर ले आया। शुक्रवार सुबह 9 बजे उसने रिश्तेदारों को फोन किया। बताया कि कमरे में जाकर देख लो। चित्रा मरी पड़ी है। इस पर उसके पिता हरविलास ने पुलिस को सूचना दी। कमरे के गेट पर ताला लगा था। 

पुलिस ने दरवाजा खोला तो बेड पर कंबल में लिपटा चित्रा का शव पड़ा था। उसके गले सहित शरीर पर चोटों के निशान थे। गले में दुपट्टा कसा था। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया।

घूमता मिला आरोपी
एसीपी ने बताया कि आरोपी हत्या के बाद सड़क पर शराब पीकर घूम रहा था। पुलिस ने उसकी लोकेशन पता कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि उसका पत्नी से झगड़ा हुआ। पिटाई के बाद उसने दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी।

Leave a comment