मोहला : प्रधानमंत्री आवास योजना से बेहतर भविष्य की ओर अग्रसरमोहला : प्रधानमंत्री आवास योजना से बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर

नक्सल क्षेत्र में विकास की दस्तक—विषम परिस्थितियों में सुखदेव निषाद को मिला अपना आशियाना

मोहला । विषम परिस्थितियों में जीवन जी रहे ग्राम पंचायत मरकेली के निवासी  सुखदेव निषाद के जीवन में अब एक नई सुबह आई है। दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले सुखदेव का जीवन लंबे समय तक कठिनाइयों, असुरक्षा और संसाधनों की कमी से जूझता रहा। सीमित आय, जर्जर कच्चा मकान और परिवार की सुरक्षा की चिंता उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुकी थी।

 सुखदेव निषाद की पत्नी जानकी बाई निषाद बताती हैं कि उनके पति गांव में मजदूरी और कृषि कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वर्षों तक उनका परिवार मिट्टी और खपरैल से बने जर्जर घर में रहने को मजबूर था, जहां हर मौसम एक नई चुनौती लेकर आता था। विशेषकर बारिश के दिनों में घर में पानी भर जाना, दीवारों में सीलन और बच्चों की पढ़ाई में बाधाएं आम बात थीं।

ऐसे कठिन समय में शासन की पहल ने उनके जीवन को नई दिशा दी। वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सुखदेव निषाद का चयन हुआ और उन्हें पक्का मकान स्वीकृत हुआ। आज उनका परिवार एक सुरक्षित, मजबूत और सम्मानजनक आवास में रह रहा है।

उनकी पुत्री कु. नंदनी निषाद बताती हैं कि पहले जहां बारिश के दिनों में घर में पानी भर जाता था और पढ़ाई प्रभावित होती थी, वहीं अब नए पक्के घर में उन्हें एक सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिला है। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और वे अपने भविष्य को लेकर अधिक आत्मविश्वास बढ़ा हैं।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में इस प्रकार की मूलभूत सुविधाएं न केवल जीवन को सुरक्षित बनाती हैं, बल्कि लोगों में स्थिरता और विश्वास भी बढ़ाती हैं। सुखदेव निषाद जैसे कई परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना एक नई उम्मीद बनकर सामने आई है।  सुखदेव निषाद और उनका परिवार इस योजना के लिए मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय व जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *