CG : सिलतरा के उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों का होगा सत्यापन …

CG : सिलतरा के उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों का होगा सत्यापन …

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। पुलिस ने उद्योगों में कार्यरत सभी श्रमिकों, कर्मचारियों और मजदूरों की जानकारी संबंधित थाना में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही किसी भी अवैध प्रवासी, विदेशी नागरिक अथवा अन्य राज्यों से आए संदिग्ध श्रमिकों की जानकारी भी तत्काल पुलिस को देने कहा गया है।

रायपुर (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए थाना सिलतरा में क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों के प्रबंधन और मानव संसाधन (HR) अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) एवं नोडल अधिकारी (अप्रवासी भारतीय) अभिषेक झा ने उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक औद्योगिक इकाई में कार्यरत सभी कर्मचारियों और श्रमिकों का पूरा एवं अद्यतन रिकॉर्ड तैयार रखा जाए। यह जानकारी नियमित रूप से थाना सिलतरा पुलिस को उपलब्ध कराई जाए, ताकि कर्मचारियों का सत्यापन और सुरक्षा संबंधी प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने उद्योग प्रबंधन को निर्देशित किया कि यदि किसी फैक्ट्री में कोई अवैध प्रवासी, विदेशी नागरिक या अन्य राज्य से आया ऐसा व्यक्ति कार्यरत है जिसकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन आवश्यक है, तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए। इससे किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को समय रहते रोका जा सकेगा। बैठक के दौरान पुलिस ने यह भी कहा कि उद्योगों में नए कर्मचारियों की नियुक्ति के समय उनका पुलिस सत्यापन कराया जाए। किसी कर्मचारी के नौकरी छोड़ने, स्थान परिवर्तन करने या किसी संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने की स्थिति में भी तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए। उद्योग प्रबंधन को कर्मचारियों से संबंधित रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और जांच प्रक्रिया में पुलिस का सहयोग करने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों से श्रमिक आकर काम करते हैं।

See also  CG : प्रयागराज में गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई पवित्र डुबकी …

ऐसे में सभी कर्मचारियों की पहचान और पृष्ठभूमि की जानकारी होना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उद्योगों और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। बैठक में मौजूद उद्योग प्रतिनिधियों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर इस तरह की बैठकें आगे भी लगातार आयोजित की जाएंगी। रायपुर (ग्रामीण) पुलिस ने आम नागरिकों और औद्योगिक इकाइयों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, विदेशी नागरिक, अप्रवासी भारतीय या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800 233 1905 जारी किया गया है। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल, थाना प्रभारी सिलतरा राजेन्द्र सिंह कंवर सहित थाना सिलतरा का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। पुलिस की इस पहल को औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *