रायपुर। पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) आदित्य पाण्डेय तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा एवं सहायक पुलिस आयुक्त पंडरी कृष्णा चंद्राकर के मार्गदर्शन में उत्तर क्षेत्र के थाना प्रभारी उरला निरीक्षक रोहित मालेकर, खमतराई निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल, गुढियारी निरीक्षक नरेन्द्र साहू, खम्हारडीह निरीक्षक भावेश गौतम एवं पंडरी निरीक्षक परेश पाण्डेय द्वारा पुलिस बल के साथ अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, फरार एवं वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी, किरायेदार एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन, आदतन एवं उभरते बदमाशों की निगरानी तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिनांक 01.08.26 के तड़के विशेष सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कॉलोनियों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में घर-घर जाकर सत्यापन किया तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की।
थाना उरला पुलिस द्वारा बीएसयूपी कॉलोनी उरला में कुल 65 मकानों का सघन सत्यापन किया गया। इस दौरान किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, वारंटियों की धरपकड़, आदतन एवं उभरते बदमाशों की चेकिंग तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबारियों की जांच की गई। कार्यवाही के दौरान कुल 07 वारंटों की तामील की गई, जिनमें 03 गिरफ्तारी वारंट एवं 04 स्थायी वारंट शामिल हैं। 04 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत की गई। अपराध क्रमांक 08/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गई।
थाना खम्हारडीह पुलिस द्वारा अभियान के दौरान कुल 07 वारंट तामील किए गए, जिनमें 01 स्थायी वारंट एवं 06 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इस दौरान एक स्थायी वारंटी के कब्जे से चोरी की एक एक्टिवा वाहन बरामद की गई। उक्त वाहन थाना खम्हारडीह के अपराध क्रमांक 250/2026, धारा 303(2) बीएनएस में पूर्व से चोरी होना दर्ज था। बरामदगी के संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। थाना पण्डरी क्षेत्रांतर्गत बी.एस.यू.पी. कॉलोनी, दलदलसिवनी में 256 मकानों/घरों का भौतिक सत्यापन किया गया। बिना पुलिस सत्यापन के निवासरत व्यक्तियों की पहचान कर उनका नियमानुसार किरायेदार एवं निवासी सत्यापन प्रारंभ किया गया। क्षेत्रवासियों को किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों का समय पर पुलिस सत्यापन कराने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पण्डरी को देने हेतु समझाइश दी गई।
थाना गुढ़ियारी पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबारियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान चौकी रामनगर क्षेत्र अंतर्गत बीएसयूपी कॉलोनी, खालबाड़ा, कलिंग नगर एवं गोगांव में सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। कार्यवाही के दौरान अवैध शराब बिक्री के 03 प्रकरण दर्ज कर कुल 78 पाव अवैध देशी शराब एवं बिक्री से प्राप्त 950 रूपये नगद जप्त किए गए। इनमें अपराध क्रमांक 314/2026 में आरोपी आनंद महानंद के कब्जे से 30 पाव अवैध शराब एवं 450 रूपये, अपराध क्रमांक 315/2026 में आरोपी विजय ध्रुव उर्फ काला जुबान के कब्जे से 30 पाव अवैध शराब एवं 500 रूपये तथा अपराध क्रमांक 316/2026 में आरोपी उमा साहू के कब्जे से 18 पाव अवैध शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। इस दौरान 02 स्थायी वारंट एवं 06 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। वहीं शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एक व्यक्ति के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई।
थाना खमतराई पुलिस द्वारा बंजारी नगर एवं कुरुक्षेत्र क्षेत्र में अभियान के दौरान 74 मकानों की जांच कर 148 किरायेदारों का सत्यापन किया गया। सभी किरायेदारों को निर्धारित पुलिस सत्यापन प्रपत्र भरकर थाने में जमा करने तथा अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु समझाइश दी गई। अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्यवाही करते हुए अपराध क्रमांक 749/2026 में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर प्रार्थी के साथ मारपीट करने वाले 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं अपराध क्रमांक 740/2026 में तांबा पट्टी चोरी के मामले में 01 आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 09 आरोपियों की गिरफ्तारी कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गई। अभियान के माध्यम से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नागरिकों को पुलिस सत्यापन एवं जनसहभागिता के प्रति जागरूक करने का कार्य किया गया।
















Leave a Reply