CG : बस्तर में आइस कैंडी पर बड़ा एक्शन, ‘भीम का मैंगो आइस कैंडी’ बिक्री पर रोक …

CG : बस्तर में आइस कैंडी पर बड़ा एक्शन, ‘भीम का मैंगो आइस कैंडी’ बिक्री पर रोक …

जगदलपुर। बच्चों के बीच लोकप्रिय रंग-बिरंगी आइस कैंडी को लेकर बस्तर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में ‘भीम का माँगो पैकेट ग्रीन कलर मैंगो आइस कैंडी’ को असुरक्षित (Unsafe) पाया गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे बस्तर जिले में इस उत्पाद की बिक्री, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद जिले के सभी थोक विक्रेताओं और चिल्हर दुकानदारों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे इस आइस कैंडी की बिक्री तुरंत बंद करें। विभाग ने बाजार में उपलब्ध स्टॉक को वापस मंगाने और उसे नियमानुसार नष्ट करने के निर्देश भी दिए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। यदि प्रतिबंध के बावजूद किसी दुकान, गोदाम या अन्य स्थान पर इस उत्पाद की बिक्री या भंडारण पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम कुंजाम ने बताया कि जांच में भीम का मैंगो आइस कैंडी और वीबा एगलेस मयोनीज दोनों को अमानक पाया गया है। इसके बाद बस्तर जिले में इनके विक्रय, वितरण और भंडारण पर रोक लगाई गई है। उन्होंने व्यापारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिबंधित खाद्य सामग्री का स्टॉक तुरंत हटाएं और विभाग के निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें और यदि कहीं इनकी बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि बाजार में बिकने वाले खाद्य उत्पादों की लगातार जांच की जा रही है। समय-समय पर सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेजा जाता है ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

See also  CG : CM साय आज दिल्ली जाएंगे …

विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों में लोकप्रिय आइस कैंडी जैसे उत्पादों में रंग, स्वाद और अन्य सामग्री की गुणवत्ता बेहद महत्वपूर्ण होती है। यदि इनमें तय मानकों का पालन नहीं किया जाता है तो स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को देखते हुए विभाग ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की शिकायत दर्ज कराएं। खाद्य पदार्थों से जुड़ी शिकायतें विभाग के टोल-फ्री नंबर पर भी दर्ज कराई जा सकती हैं। फिलहाल बस्तर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बाजारों और दुकानों पर नजर बनाए हुए है, ताकि प्रतिबंधित उत्पाद की बिक्री को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *