रायपुर । छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में कार्यरत अंशकालीन सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शासन के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। स्कूल सफाई कर्मचारी संघ ने सरकार को 30 सितंबर तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर के 43 हजार से अधिक सफाई कर्मचारी 2 अक्टूबर से काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।
संघ के मुताबिक प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पिछले करीब डेढ़ दशक से 43,301 अंशकालीन सफाई कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारी लंबे समय से अंशकालीन सफाई कर्मचारियों को पूर्णकालिक करने और कलेक्टर दर पर सम्मानजनक मानदेय देने की मांग कर रहे हैं।
कम मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से बेहद कम मानदेय पर काम करने के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने सरकार से उन्हें अंशकालीन के बजाय पूर्णकालिक स्कूल सफाई कर्मचारी का दर्जा देने और कलेक्टर दर पर मानदेय निर्धारित करने की मांग की है।
सितंबर में बनेगी आंदोलन की रणनीति
स्कूल सफाई कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक सितंबर के प्रथम सप्ताह में राजधानी रायपुर में आयोजित की जाएगी। बैठक में मांगों और प्रस्तावित आंदोलन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी।
संघ ने स्पष्ट किया है कि 30 सितंबर तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 2 अक्टूबर से प्रदेशभर में काम ठप किया जाएगा। इसके बाद कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इससे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।














Leave a Reply