CG : शिशु संरक्षण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित स्वास्थ्य सत्रों का निरीक्षण …

CG : शिशु संरक्षण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित स्वास्थ्य सत्रों का निरीक्षण …

महासमुंद । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के निर्देशानुसार जिले में शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज भोरिंग, बिरकोनी एवं जलकी के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित स्वास्थ्य सत्रों का निरीक्षण जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं, टीकाकरण तथा शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली गई। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सत्र की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस दौरान विटामिन-ए एवं आयरन सिरप के महत्व के संबंध में भी जानकारी दी गई। डॉ. गुप्ता ने बताया कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, शारीरिक वृद्धि एवं मानसिक विकास के लिए निर्धारित मात्रा एवं समयानुसार विटामिन-ए तथा आयरन की खुराक महत्वपूर्ण है। उन्होंने पात्र बच्चों को निर्धारित खुराक उपलब्ध कराने के साथ ही अभिभावकों को इसके महत्व के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिशु संरक्षण माह के दौरान बच्चों के नियमित टीकाकरण, पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित सत्रों के माध्यम से बच्चों एवं उनके अभिभावकों तक आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ उन्हें जागरूक भी किया जाए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

See also  राजनांदगांव : विश्राम भवन के सामने चौराहे पर उखड़ गई सड़क…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *