रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत करने के लिए 8 सितंबर को नई दिल्ली में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में राज्य प्रशासनिक सेवा के 2013 बैच के अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। इस बार तीन अधिकारियों को IAS अवार्ड होने की संभावना जताई जा रही है। डीपीसी में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील और सामान्य प्रशासन विभाग के कार्यवाहक सचिव मुकेश
बंसल दिल्ली जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार के अवकाश पर होने के कारण मुकेश बंसल लिंक अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। डीपीसी की अध्यक्षता यूपीएससी के चेयरमैन करेंगे। बैठक में केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के सचिव या उनके प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। पिछले साल हुई डीपीसी में राज्य प्रशासनिक सेवा के 2013 बैच के तीन अधिकारियों सुमित अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और आशीष टिकरिहा को IAS अवार्ड हुआ था। बताया जा रहा है कि 2013 बैच में कुल 29 अधिकारी हैं। तीन अधिकारियों के IAS बनने के बाद अभी 26 अधिकारी पदोन्नति की प्रतीक्षा में हैं। हालांकि उपलब्ध पदों को देखते हुए पूरे बैच को IAS में पदोन्नत होने में अभी दो से तीन साल का समय लग सकता है। इस वर्ष राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS पदोन्नति के लिए पांच पद खाली बताए जा रहे हैं, लेकिन डीपीसी तीन पदों के लिए होने की संभावना है। सौम्या चौरसिया से जुड़े मामलों के कारण उनका IAS प्रमोशन पहले ही लंबित हो गया था और यूपीएससी की प्रक्रिया में उनका मामला सीलबंद लिफाफे में रखा गया है। मामला स्पष्ट होने तक स्थिति ऐसी ही रहने की संभावना है।
इसी तरह पीएससी प्रकरण में गिरफ्तार पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक से संबंधित मामले के कारण उनके नाम पर भी सीलबंद लिफाफे की प्रक्रिया अपनाए जाने की बात कही जा रही है। ऐसे में पांच रिक्त पदों में से फिलहाल तीन पदों पर ही पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है, जबकि दो पद लंबित रह सकते हैं। 2013 बैच के शुरुआती तीन अधिकारियों को पहले ही IAS अवार्ड होने के बाद अब वरिष्ठता क्रम में अगले अधिकारियों पर नजर है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक चौथे स्थान पर अभिषेक अग्रवाल, पांचवें स्थान पर सचिन भुतड़ा और छठे स्थान पर राजीव पाण्डेय हैं। यदि सेवा अभिलेख और अन्य जरूरी औपचारिकताओं में कोई बाधा नहीं आती है तो इन तीनों अधिकारियों के नाम IAS पदोन्नति के लिए आगे बढ़ सकते हैं।
हालांकि केवल वरिष्ठता के आधार पर IAS अवार्ड नहीं होता। अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (CR), सेवा रिकॉर्ड और अन्य निर्धारित मापदंड भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीपीसी में सभी जरूरी दस्तावेजों और सेवा रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाता है। छत्तीसगढ़ के लिए IAS अधिकारियों का स्वीकृत कैडर 202 पदों का बताया गया है। वर्तमान में करीब 175 IAS अधिकारी पदस्थ हैं। इनमें से लगभग 23 अधिकारी विभिन्न प्रतिनियुक्तियों पर हैं। इस हिसाब से राज्य में फिलहाल करीब 152 IAS अधिकारी सीधे तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS में होने वाली पदोन्नति प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
















Leave a Reply