– गिरदावरी कार्य की नियमित मॉनिटरिंग एवं त्रुटिरहित कार्य करने के दिए निर्देश
– कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की
राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में संचालित कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए विभागवार ई-फाइलों की स्थिति, लंबित प्रकरणों तथा उनके निराकरण की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने कई विभागों में ई-फाइलें लंबित पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त फाइलों का निर्धारित समय-सीमा में परीक्षण एवं निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली का उद्देश्य शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा कार्यों के त्वरित निष्पादन को बढ़ावा देना है। अनावश्यक रूप से फाइलों को लंबित रखना उचित नहीं है। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को नियमित रूप से लंबित ई-फाइलों की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई-ऑफिस के उपयोग में किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रक्रियागत समस्या आने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उसका समाधान करें, ताकि शासकीय कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
सड़क सुरक्षा के लिए मवेशियों की निगरानी और रात्रिकालीन व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में पशुओं की निगरानी एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए मवेशियों की पहचान कर संबंधित पशुपालकों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को पशुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण कर खराब लाइटों को तत्काल दुरूस्त कराने कहा। रात्रि के समय पशुओं की सतत निगरानी के लिए ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि सड़कों पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम की जा सके।
उन्होंने शहर में अन्य स्थानों से मवेशियों को लाकर छोडऩे की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रात्रि में बेरिकेटिंग लगाकर विशेष वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कहा कि जनसामान्य से जुड़े राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा पात्र पक्षकारों को समय पर राहत पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के विरूद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने गिरदावरी कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सर्वेयरों से त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिले में अब तक 61 प्रतिशत गिरदावरी कार्य पूर्ण किया जा चुका है। कलेक्टर ने शेष कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने कहा। कलेक्टर ने शेष छूटे हुए किसानों के प्रकरणों का निराकरण करते हुए एग्रीस्टेक बकेट क्लेम के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने कहा, ताकि किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए प्राप्त आवेदनों का परीक्षण शीघ्र पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापना का कार्य तेजी से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से सूर्यघर सभाएं आयोजित कर योजना के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने कहा। उन्होंने बैंकों को बैंक प्रोसेसिंग की प्रक्रिया सरल बनाते हुए आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए, जिससे हितग्राहियों की ऋण प्रक्रिया समय पर पूर्ण हो सके। कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 5 हजार 686 हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। योजना से हितग्राही ऊर्जा उत्पादक बनने के साथ अतिरिक्त बिजली उत्पादन के माध्यम से आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के लिए कार्यों में तेजी लाने कहा।
ग्रामीण एवं नगरीय सड़कों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने ग्राम देवादा से ग्राम टेडेसरा मार्ग, ग्राम कोपेडीही से ग्राम मगरलोटा मार्ग, ग्राम सुंदरा की सड़क, ग्राम भानपुरी से बाकल मार्ग, ग्राम ईरा से खुटेरी मार्ग, ग्राम सोमनी-ककरेल-ठेकवा मार्ग तथा ग्राम टेडेसरा में स्कूल के पास की सड़क के मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त एवं गड्ढों वाली अन्य सड़कों पर भी पेंचवर्क कर मरम्मत कराने कहा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके। आगामी गणेश पूजा एवं दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए नगरीय क्षेत्रों की सड़कों का पेंचवर्क प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।
पाम ऑयल की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के दिए निर्देश-
कलेक्टर ने जिले में पाम ऑयल की खेती की प्रगति की जानकारी ली। बताया गया कि जिले में वर्तमान में 42 हेक्टेयर क्षेत्र में पाम ऑयल की खेती की जा रही है, जबकि 24 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती की तैयारी चल रही है। कलेक्टर ने अधिक से अधिक किसानों को पाम ऑयल की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
मेडिकल स्टोर्स में एक्सपायरी दवाइयों की बिक्री पर सख्ती के दिए निर्देश-
कलेक्टर ने जिले में मेडिकल स्टोर्स की लगातार छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मेडिकल स्टोर में एक्सपायरी दवाइयों की बिक्री नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश-
कलेक्टर ने स्कूलों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मापदंडों का नियमित निरीक्षण करने कहा, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके।
ग्राम सिंघोला में जर्जर पानी टंकी को सुरक्षित तरीके से तोडऩे के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने ग्राम सिंघोला में सुरक्षा की दृष्टि से जर्जर पानी टंकी को तोडऩे के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पानी टंकी को तोडऩे से पहले ग्रामीणों को आवश्यक सूचना जारी करने तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस कार्य को शीघ्र पूर्ण करने कहा, ताकि जर्जर संरचना से संभावित दुर्घटना की आशंका को दूर किया जा सके।
सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाईन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
















Leave a Reply