मोहला : बेहतर शिक्षा के साथ संस्कार प्रदान करना हमारी प्राथमिकता : स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव

– वनांचल की प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने से खुलेंगे सफलता के नए द्वार

– मानपुर में दैनिक भास्कर प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए स्कूल शिक्षा मंत्री, मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का किया सम्मान

        मोहला,। वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी का भाव देना भी जरूरी है। उक्त बाते स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने जिला प्रवास के दौरान पीएम आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मानपुर में आयोजित दैनिक भास्कर प्रतिभा सम्मान समारोह में कही। कार्यक्रम में उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।
           इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, जनपद सदस्य मानपुर रेणु टांडिया, कलेक्टर तनुजा सलाम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, मदन साहू, राजू टांडिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

– शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव

स्कूल शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जवानों के शौर्य, साहस और समर्पण से आज छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। अब नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ क्षेत्र में विकास एवं निर्माण के कार्यों को गति देने की आवश्यकता है।
            उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव शिक्षा है। वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की भरमार है। यहां के विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं सहित शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। ऐसे विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए कैरियर काउंसलिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर सफलता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

See also  CG : सोशल मीडिया की ताकत से दुनिया तक पहुंचेगी धमतरी की खूबसूरती

– गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाओं पर जोर

स्कूल शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा गुणवत्ता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से शासकीय विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वनांचल क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ आधुनिक तकनीक का उपयोग भी बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास और ई-विद्या चैनल के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं विषय विशेषज्ञों की शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जिन विद्यालयों में शौचालय अथवा अतिरिक्त कक्ष की आवश्यकता है, उनकी जरूरतों को चिन्हांकित कर वीबी-राम जी के माध्यम से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
         स्कूल शिक्षा मंत्री यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल ‘न्योता भोज’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य समाज को विद्यालयों से जोड़ना है। लोग अपने जीवन के विशेष अवसरों को विद्यालय के बच्चों के साथ मनाकर उनके साथ खुशियां साझा कर सकते हैं। इससे विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र न रहकर समाज और बच्चों के बीच जुड़ाव का माध्यम भी बनेगा।

– शिक्षा के साथ खेल और संस्कार भी जरूरी

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य की नींव तैयार करने वाला केंद्र है। इसलिए केवल विद्यालय के विकास की नहीं, बल्कि वहां पढ़ने वाले प्रत्येक बच्चे के भविष्य की चिंता करना जरूरी है। विद्यालय का विकास केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, प्रशासन और समाज को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही पर्याप्त नहीं है। शिक्षा के साथ उन्हें अच्छे संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी का भाव भी दिया जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में प्रार्थना, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान जैसी गतिविधियों को सुनिश्चित किया गया है। यादव ने जिले में खेल गतिविधियों और खेल अधोसंरचना को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर तनुजा सलाम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। वनांचल क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
          स्कूल शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में जिले के सभी विकासखंडों में बालिकाओं के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे और वनांचल की प्रतिभाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए नई दिशा मिलेगी।

See also  राजनांदगांव : जागेश्वरी को मिला सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से डिजिटल विवाह प्रमाण पत्र - मात्र तीन दिनों में हुआ आवेदन का निराकरण

– मेधावी छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम में सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में विकासखंड मोहला से जागेश्वरी, देविका तुलावी, कोमल कुमेटी, बिशाल धुर्वे, सनित कुमार, देवसाय, कविता, कृष्ण कुमार, नरोत्तम कुमार, दुर्गेश कुमार कोलियारे, मुकेश कोलियारे, लक्की, तमन्ना यादव, मिट्ठी पोयाम, पुजा, तनिजा, देविका घावड़े, श्रेया मेश्राम, आरूषि, हिना, तनिषा, मोनिका सहारे, दामिनी, पुजा अग्रवाल, तनीषा निषाद, तनुजा धनकर, अनामिका बढ़ाई, दिनेश कुमार, चारू सहारे, रागिनी, जिज्ञासा पटवा एवं आदित्य को सम्मानित किया गया।
      विकासखंड मानपुर से समीला, पायल, नीरज कुमार, नम्रता, रेशमा, प्रदीप कुमार, करीना, मोनिका, अंजली, लोचन धुर्वा, वरूणा, एनेश्वरी, विनिता, रोशनी, आकाश कुमार पुरामे, शुभम कुमार, पल्लवी, ट्विंकल, अदिति सिन्हा, पियुश कुमार, डिगेश्वरी, रीतिका, धनेश्वरी, वंशिका कुलदीप एवं यश कुमार सम्मानित हुए। वहीं अंबागढ़ चौकी विकासखंड से सोनल, किरन, भाविका, रोशनी तारम, खिलेन्द्र कुमार, दुष्यंत कुमार, लोमेश्वरी, केशव कुमार, हेमशंकर किशान, गोपाल, डामेश्वरी साहू, दानेश्वरी, प्रीतम साहू, गुंजन, नेमन साहू, कृतिका, प्रियंका सिन्हा, पुर्वी साहू, मलेश कुमारा, निमा, हर्षिता सिन्हा, टियुश कुमार, तनु पारधी, चैतन्य, रोहित कुमार, मनिषा कुजांम, सोनाली मंडावी, लिलेश्वरी, बलीराम, यमेश्वरी, डामेश्वरी, गौकरण, शालिनी, भूमिका सारथी, तव्सुम परवीन एवं भानेश्वरी को सम्मानित किया गया।
         कक्षा 12वीं में विकासखंड मोहला से देवेन्द्र कुमार, सोनम, केशवरी, गरिमा, ज्योति सोनी, पायल, संतारो, मनीषा चुरेन्द्र, राहुल कुमार, देवेन्द्र कुमार, रूपांजली, लुपेश्वरी एवं सोनाली; विकासखंड मानपुर से सिमरन, भुमिशा देवी, अगेश्वरी पिस्दा, प्रगति, प्रज्ञा ठाकुर, जियारानी, मोहित कुमार, खुमेश्वरी, करीना, रविना, डिगेश्वर सिंह एवं तोहिद खान तथा विकासखंड अंबागढ़ चौकी से किरण साहू, अजय देशमुख, पमिता, मयंक साहू, तमेश्वर, दिप्ती निषाद, निकिता, पायल चौरे, वेदप्रकास सिन्हा, धनंजय, हेमलता, सागर, हर्षिता मंडावी, खिलेन्द्र, भारती, व्यासनारायण, यात्री, पायल साहू, गरिमा साहू, विवेक गजभिये, देवाशीष, नेमा, थानूराम, बनवालीराम एवं दामिनी को सम्मानित किया गया।
           कार्यक्रम में जिले के विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें मानपुर विकासखंड से चेतन दास सार्वा, राजेन्द्र वर्मा, नरेन्द्र कुमार मानिपुरी, राजेन्द्र ठाकुर एवं गोपाल निषाद; मोहला विकासखंड से कौशल कुमार वर्मा, जसवंत मण्डावी, रूबी वर्मा, प्रविण सिंह ठाकुर एवं सियाराम निषाद तथा अंबागढ़ चौकी विकासखंड से हेमंत कुमार गंगासागर, सुरेज कुमार ठाकुर, सुनील कुमार चौरसिया एवं जयंत्री टेकाम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *