बिलासपुर: बिलासपुर में जीआरपी ने ट्रेनों के जरिए गांजा तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 24 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 12.50 लाख रुपए बताई गई है। जीआरपी थाना प्रभारी विष्णु यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर कुछ संदिग्ध लोग बैठे हैं। उनके पास नशीले पदार्थ की खेप होने की आशंका थी।
सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से 24 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नर्मदा एक्सप्रेस के जरिए गांजा ले जाने की तैयारी में थे। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के रहने वाले हैं। जीआरपी उनसे पूछताछ कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे ट्रेन के जरिए कहां पहुंचाया जाना था।
थाना प्रभारी के मुताबिक, गांजा तस्करी का नेटवर्क ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश तक फैला हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गिरोह के मास्टरमाइंड की जानकारी जुटा रही है। जीआरपी ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गांजा तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।










Leave a Reply