राजनांदगांव , अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के प्रभारी व झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सोमवार को राजनांदगांव में भाजपा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान मतदाता सूची से नाम काटे जाने की शिकायतों का मुद्दा उठाते हुए इसे लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।
प्रभारी ने सबसे पहले प्रेस क्लब भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली की जानकारी दी। वोट चोरी का मुद्दा केवल मतदाता सूची के पुनरीक्षण तक सीमित नहीं है। चुनाव के दौरान मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा जवाबदेही जरूरी है। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस दौरान प्रतिमा चंद्राकर, कुंवर निषाद, जितेंद्र मुदलियार, विपिन यादव, भोला राम साहू, हर्षिता स्वामी बघेल, शाहिद खान, धनेश पाटिला, छन्नी साहू, श्रीकिशन खंडेलवाल मौजूद रहे।
कथित गड़बड़ी पर राहुल गांधी ने सवाल उठाए थे ठाकुर ने राहुल गांधी की ओर से चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर उठाए गए सवालों पर कहा कि कांग्रेस लंबे समय से मतदाता सूची में गड़बड़ियों का मुद्दा उठा रही है। बताया कि राहुल गांधी ने 7 फरवरी 2025 को महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच मतदाताओं की संख्या में हुई वृद्धि पर सवाल उठाए थे। महाराष्ट्र में कुछ महीनों के भीतर करीब 39 लाख मतदाता बढ़े, जबकि इससे पहले के पांच वर्षों में लगभग 32 लाख मतदाता बढ़े थे।











Leave a Reply