राजनांदगांव , हॉकी की नर्सरी के रूप में पहचान रखने वाले राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ हॉकी की 18वीं वार्षिक आमसभा में प्रदेश में हॉकी के विकास और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर मंथन हुआ। होटल अवाना में आयोजित सभा में आगामी कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन किया गया। बिलासपुर के मनीष श्रीवास्तव को अध्यक्ष, राजनांदगांव की शबनम अंसारी को महासचिव और कवर्धा के अजीत चंद्रवंशी को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हॉकी इंडिया के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार मिश्रा ने निर्वाचन संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान किए।
आमसभा में प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी हॉकी प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट् रीय स्तर पर अवसर देने को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि खेल संघों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने सुविधाएं जरूरी शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा खेल और खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। युवा खिलाड़ी खेल गतिविधियों में रुचि लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहन और सम्मान देने के साथ आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मंच एवं सुविधाएं देना सभी की जिम्मेदारी है।
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष रमेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि खेल गतिविधियों को व्यवस्थित और निरंतर संचालित करने के लिए ओलंपिक संघ प्रयासरत है। उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं कराना नहीं, बल्कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना भी है।
नई कार्यकारिणी में इन लोगों को दी जिम्मेदारी निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार मिश्रा की घोषणा के अनुसार अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष नीलमचंद बैद, गोपेश्वर कहरा एवं विनिता नवघरे, महासचिव शबनम अंसारी, कोषाध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी, सह-सचिव गजेंद्र शर्मा एवं नीमा नीतू मसीह चुने गए। कार्यकारिणी सदस्यों में राजेंद्र जायसवाल, महेंद्र सिंह नाग एवं जहांगीर खान शामिल हैं।
स्पोर्ट्स कोड अधिनियम 2025 के तहत स्पोर्ट्स पर्सन ऑफ मेरिट के दो पदों पर ओलंपियन रेणुका यादव एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे तथा एथलेटिक्स कमेटी के लिए अमिताभ मानिकपुरी एवं बबिता लिल्हारे का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। आमसभा में वर्ष 2025-26 के बजट के अनुमोदन के साथ पिछले कार्यकाल में हॉकी के विकास के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। आगामी वर्ष की सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी की गई।


Leave a Reply