CG : धमतरी में दंतैल हाथी की दस्तक से हड़कंप, गांवों में हाई अलर्ट …

CG : धमतरी में दंतैल हाथी की दस्तक से हड़कंप, गांवों में हाई अलर्ट …

धमतरी। जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में एक दंतैल हाथी के विचरण से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने आसपास के कई गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। वन विभाग के मुताबिक, दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है। हाथी के आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर जाने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए वन विभाग ने जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा सहित आसपास के गांवों को हाई अलर्ट पर रखा है।

इसके अलावा बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों तक सूचना पहुंचाने के लिए पीपरछेड़ी, कमारपारा समेत आसपास के इलाकों में मुनादी भी कराई जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने की कोशिश न करें। हाथी को घेरने, उसका पीछा करने या किसी भी तरह परेशान करने से बचने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि हाथी के साथ दूरी बनाए रखना ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। यदि किसी व्यक्ति को हाथी दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी या वन विभाग की टीम को देने की अपील की गई है।

See also  CG : सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में 16 यूनिट रक्त संग्रहित

बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग हाथी के मूवमेंट पर लगातार नजर रख रहा है और उसकी दिशा एवं गतिविधियों के आधार पर आसपास के ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। वन विभाग की टीम की प्राथमिकता हाथी और ग्रामीणों दोनों की सुरक्षा बनाए रखना है। विभाग द्वारा लोगों से विशेष रूप से रात के समय जंगल और हाथी के संभावित रास्तों की ओर नहीं जाने की अपील की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को सामूहिक रूप से सतर्क रहने और हाथी की सूचना मिलने पर वन अमले को तत्काल जानकारी देने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *