राजनांदगांव : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से राजकुमार बंजारे के घर रोशन हुआ आत्मनिर्भरता का उजाला

– सोलर पैनल से बिजली बिल लगभग शून्य, हर माह 1500 से 2000 रूपए की हो रही बचत
राजनांदगांव । शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम परिवारों के लिए बिजली खर्च कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। योजना से लाभान्वित होकर डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कातलवाही निवासी राजकुमार बंजारे के परिवार को भी बिजली के बढ़ते खर्च से राहत मिली है। राजकुमार बंजारे मेहनती किसान हैं और उनका परिवार खेती-मजदूरी पर निर्भर है। पहले उनके घर का हर महीने बिजली बिल लगभग 1500 से 2000 रूपए तक आता था। सीमित आय में बिजली बिल का यह खर्च परिवार के बजट को प्रभावित करता था। वे अक्सर सोचते थे कि बिजली के इस खर्च को कैसे कम किया जाए। इसी दौरान ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर एवं सूर्य सभा में उन्हें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। सूर्य सभा में उन्हें बताया गया कि योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने के लिए शासन द्वारा अनुदान दिया जा रहा है और बिजली बिल शून्य हो जाएगा। योजना की जानकारी मिलने के बाद बंजारे ने बिना देर किए ऑनलाइन आवेदन किया। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनके घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया गया। योजना के अंतर्गत उन्हें केन्द्र शासन से 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन से 30 हजार रूपए कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में प्राप्त हुई। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद अब उनके घर में दिन के समय पंखा, लाइट, पानी की मोटर सहित घरेलू विद्युत उपकरण सौर ऊर्जा से संचालित हो रहे हैं।

See also  बस्तर में 6 लाख से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग, 891 में मिला गंभीर सिकल सेल


राजकुमार बंजारे ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद उनके परिवार को बिजली बिल में बड़ी राहत मिली है और अब बिजली बिल लगभग शून्य आ रहा है। इससे हर महीने करीब 1500 से 2000 रूपए की बचत हो रही है। बचत की इस राशि का उपयोग वे अब अपने बच्चों की पढ़ाई और परिवार की अन्य आवश्यकताओं में कर पा रहे हैं। राजकुमार बंजारे ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल बहुत आता था, जिससे बहुत परेशानी होती थी। अब घर में सोलर पैनल लगने से बिजली बिल शून्य आ रहा है। हर महीने पैसे की बचत हो रही है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से मिले लाभ से उत्साहित राजकुमार बंजारे अब गांव के अन्य लोगों, युवाओं और परिवारों को भी सौर ऊर्जा अपनाने तथा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके लिए सौर ऊर्जा अब केवल बिजली का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार के खर्च में कमी और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *